*TV 20 NEWS || AZAMGARH:”ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले युवक पर पुलिस की कार्यवाही*

*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक : 23.06.2026*
*थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़*

*”ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले युवक पर पुलिस की कार्यवाही*

*इंस्टाग्राम/फेसबुक पर गैंग बनाकर दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवक की काउंसलिंग, बीएनएसएस के तहत की गई विधिक कार्रवाई*

*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार* के निर्देशन में जनपद में संचालित *”ऑपरेशन वज्रपात”* अभियान के क्रम में *सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं* में बढ़ रही *गैंग संस्कृति, दबंगई के प्रदर्शन तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित* करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान *थाना सरायमीर* पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम एवं फेसबुक की सतत निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में संज्ञान में आया कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर *”ravi_official_0999″* नाम से गैंग संचालित कर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए वीडियो एवं रील पोस्ट कर रहे हैं तथा गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियों से समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न होने की संभावना रहती है।

पुलिस द्वारा की गई जांच में उक्त सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन करने वाले युवक की पहचान रवि कुमार पुत्र रामलाल निवासी मोहिद्दीनपुर, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। युवक द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति एवं दबंगई का प्रदर्शन करते हुए सामग्री प्रसारित की जा रही थी।

थाना सरायमीर पुलिस द्वारा संबंधित युवक को उसके अभिभावकों सहित थाना परिसर बुलाकर काउंसलिंग की गई। इस दौरान उसे कानून-व्यवस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से उत्पन्न होने वाले कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।

उक्त प्रकरण में संबंधित युवक के विरुद्ध धारा 170/135/126 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की गई।

🔹 *जनपद पुलिस की अपील-*
अभिभावक अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में सहभागिता हेतु प्रेरित करें। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, हथियारों का प्रदर्शन, दहशत फैलाने वाले वीडियो अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

*पुलिस टीम-*
उ0नि0 पंकज यादव, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़।
का0 विकास यादव, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़।

➡️ *”ऑपरेशन वज्रपात” के अंतर्गत जनपद पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई के प्रदर्शन एवं युवाओं को भ्रमित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है।*