*TV 20 NEWS || AZAMGARH : आंगनबाड़ी व आशा के आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, आधार संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान– जिलाधिकारी*

आंगनबाड़ी व आशा के आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, आधार संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान– जिलाधिकारी

आज़मगढ़, 26 जून 2026
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से आयुष्मान भारत योजना का लाभ उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए जिन कारणों से गोल्डन कार्ड निर्माण लंबित है, उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।

बैठक में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) ने अवगत कराया कि समस्त विकास खंडों/परियोजनावार के अंतर्गत 2,355 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड का निर्माण अभी अवशेष है। उन्होंने बताया कि डेटा नॉट फाउंड, डेटा मिसमैच, शादी ,मृत्यु, आधार संशोधन तथा आधार से मोबाइल नंबर लिंक न होने जैसी समस्याओं के कारण कार्ड नहीं बन पा रहे हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी ) एवं खंड विकास अधिकारी संयुक्त रूप से कार्य करते हुए आधार संशोधन केंद्रों के माध्यम से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराएं तथा सभी पात्र आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर पर सभी कार्यकत्रियों की प्रोफाइल उपलब्ध है, इसलिए उपलब्ध डाटा का प्रभावी उपयोग करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि ब्लॉकवार स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत 1,501 आशा कार्यकत्रियो के आयुष्मान गोल्डन कार्ड का निर्माण अभी शेष है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वय से लंबित कार्डों का शीघ्र निर्माण सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक के दौरान जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र परिवारों का चिन्हांकन कर अभियान चलाकर गोल्डन कार्ड बनवाए जाएं, जिससे प्रत्येक पात्र व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें तथा जिन मामलों में तकनीकी अथवा दस्तावेज संबंधी समस्याएं हैं, उनका मौके पर समाधान कराते हुए निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ पंकज कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।