*TV 20 NEWS || AZAMGARH : व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में दिव्यता एवं भव्यता के साथ मनाई गई महान दानवीर भामाशाह की जयंती*

व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में दिव्यता एवं भव्यता के साथ मनाई गई महान दानवीर भामाशाह की जयंती

10 सर्वाधिक कर अदा करने वाले व्यापारियों एवं उद्यमियों को ‘भामाशाह पुरस्कार’ से किया गया सम्मानित

हरिऔध कला केंद्र में आयोजित हुआ भामाशाह पर आधारित प्रदर्शनी, ओडीओपी स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुति

दानवीर भामाशाह पर आधारित निबंध, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र पर देकर किया गया सम्मानित

आजमगढ़ 29 जून 2026/

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महान दानवीर भामाशाह के जन्मदिवस 29 जून को जनपद आजमगढ़ में “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में जनसहभागिता के साथ अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित जनपदीय मुख्य समारोह हरिऔध कला केंद्र में सम्पन्न हुआ, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह, अपर आयुक्त राज्य कर (अपील) हरिलाल प्रजापति, राज्य कर विभाग के अधिकारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ महान दानवीर भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। समारोह का उद्देश्य भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति, दानशीलता एवं व्यापारी समाज के प्रति उनके प्रेरणादायी योगदान को जन-जन तक पहुँचाना तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों के सम्मान और कल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करना रहा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, सेवा, राष्ट्रभक्ति और दानवीरता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्षपूर्ण काल में न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान किया, बल्कि उनके साथ रहकर वीरता एवं राष्ट्रसमर्पण का अद्वितीय परिचय भी दिया। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में राज्य कर विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, नगर विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग एवं औद्योगिक विकास विभाग द्वारा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) सहित विभिन्न योजनाओं एवं स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार एवं विक्रय किया गया, जिससे स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन मिला।

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा हरिऔध कला केंद्र में महान दानवीर भामाशाह के जीवन, व्यक्तित्व एवं ऐतिहासिक योगदान पर आधारित दुर्लभ अभिलेखों एवं चित्रों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत रुचि के साथ देखा। प्रदर्शनी के माध्यम से युवा पीढ़ी को भामाशाह के आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा की भावना से परिचित कराया गया।

समारोह के सांस्कृतिक सत्र में संस्कृति विभाग के कलाकार अर्पित मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा स्वरांजलि, संगीत प्रस्तुतियों, भामाशाह के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं एवं नाट्य मंचन के माध्यम से उनकी महान दानशीलता, राष्ट्रभक्ति एवं लोककल्याण की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। स्थानीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान राज्य कर विभाग द्वारा जनपद के सर्वाधिक कर अदा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों एवं उद्यमियों को “भामाशाह पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिष्ठानों में दीप ऑटो ट्रेडर्स, मातादीन रतनलाल, रघुनंदन प्रसाद रामेश्वर प्रसाद ज्वैलर्स, अशोक कुमार आशीष कुमार गोल्ड, हिमालया स्कूटर्स, क्यूजे मोटर्स प्रा. लि., संतोष कुमार सिंह कॉन्ट्रैक्टर, एसकेआर ईंट भट्ठा एवं राय ईंट उद्योग सहित चयनित करदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कारों के चयन एवं वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया राज्य कर विभाग द्वारा संपन्न कराई गई।

जिला उद्योग केन्द्र द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर उत्कृष्ट उद्यम स्थापित करने वाली जया मिश्रा, रेनू एवं निहारिका सिंह तथा निवेशकों मिथिलेश बरनवाल एवं सुबोध कान्त को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में अमृता कश्यप, अंजली राजभर एवं आरूष कुमार गुप्ता, चित्रकला प्रतियोगिता में पांचाल हर्ष विश्वकर्मा, काजल जायसवाल एवं मानसी प्रजापति, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अनिशा पाण्डेय, कुनाल यादव एवं रूचि राजभर को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड, सिल्वर एवं कांस्य मेडल के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान महान दानवीर भामाशाह के जीवन एवं उनके ऐतिहासिक योगदान पर आधारित प्रेरणादायी लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित विशेषकर युवा वर्ग उनके आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित हुआ।

जनपद के व्यापारी कल्याण मंडलों, व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न व्यापारी संघों के सहयोग से व्यापारी कल्याण दिवस व्यापक स्तर पर मनाया गया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर व्यापारी कल्याण दिवस के बैनर एवं होर्डिंग प्रदर्शित किए तथा श्रद्धा एवं सेवा भाव से मिष्ठान, शर्बत एवं फलों का वितरण कर महान दानवीर भामाशाह की लोककल्याणकारी भावना को जन-जन तक पहुँचाने में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर राज्य कर विभाग के उपायुक्त धीरज राय, संजय शर्मा, अखिलेश सिंह, मैनेजर चौरसिया, राकेश कुमार शुक्ला, निधि श्रीवास्तव, आर.पी. सिंह, सौरभ त्रिपाठी, मिथिलेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी नवीन सिंह, उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव सहित जनपद के प्रमुख व्यापारी एवं उद्यमी पद्माकर लाल वर्मा, संत प्रसाद अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, सुवाल प्रसाद गोंड़, विनोद अग्रवाल, रियाद अहमद, अजय जायसवाल, महेन्द्र जायसवाल, रंजन राय, कैलाश रूंगटा, अशोक शर्मा, टैक्स बार के अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।