*TV 20 NEWS || AZAMGARH:6 जुलाई को हरिऔध कला भवन में होगा भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का भव्य स्वागत, संगठन ने बनाई रणनीति*

आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय, आजमगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आजमगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने की। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और कार्यक्रमों को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य स्मृति में चल रहे 23 जून से 6 जुलाई तक के विशेष महाअभियान के अंतर्गत जिले में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 1 जुलाई को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगठन की मजबूती, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में सबसे अधिक चर्चा का केंद्र 6 जुलाई 2026 को नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के भव्य स्वागत समारोह को लेकर रहा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह स्वागत समारोह हरिऔध कला भवन, आजमगढ़ में दोपहर 12 बजे आयोजित होगा, जिसमें जिले भर से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत समारोह नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह, संगठन की एकजुटता और पार्टी के प्रति समर्पण का एक विराट प्रदर्शन होगा। इसके लिए मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर कार्य योजना तैयार की गई है।
बैठक के दौरान विभिन्न मंडलों से आए पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने तथा स्वागत समारोह को यादगार बनाने का संकल्प लिया।जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी देवतुल्य कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का स्वागत करें और इस समारोह को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा कार्यकर्ता आधारित संगठन रही है और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा एवं समर्पण के बल पर ही पार्टी निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। आगामी कार्यक्रम संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनता के बीच भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का नया अध्याय साबित होंगे।इस अवसर पर अखिलेश मिश्रा गुड्डू,श्याम नारायण सिंह,सच्चिदानंद सिंह, रामपाल सिंह,नन्हकू सरोज, शोभित श्रीवास्तव आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।