*TV 20 NEWS || AZAMGARH :वसीयत के बाद पारिवारिक विवाद गहराया, बुजुर्ग दंपति ने भाई, भतीजों पर प्रताड़ना और धमकी का लगाया आरोप, जीयनपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग, दूसरे पक्ष का बयान आना बाकी*

वसीयत के बाद पारिवारिक विवाद गहराया, बुजुर्ग दंपति ने भाई, भतीजों पर प्रताड़ना और धमकी का लगाया आरोप

जीयनपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग, दूसरे पक्ष का बयान आना बाकी

आज़मगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने छोटे भाई और भतीजों पर वसीयत के बाद प्रताड़ित करने, मानसिक दबाव बनाने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़ित जंसीलाल के अनुसार उनकी पत्नी लकवाग्रस्त हैं और लंबे समय से बिस्तर पर हैं। उनका कहना है कि उन्होंने विश्वास के आधार पर अपनी संपत्ति की वसीयत छोटे भाई दुखती राम के पक्ष में की थी। आरोप है कि वसीयत के बाद परिवार के सदस्यों का व्यवहार बदल गया और अगस्त 2025 के बाद से उनकी तथा उनकी पत्नी की देखभाल बंद कर दी गई।

शिकायत में जंसीलाल ने आरोप लगाया है कि उन पर लगातार जमीन का हिस्सा बेचने का दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि उनसे 7 लाख रुपये की मांग की गई। आरोप है कि जमीन बेचकर राशि देने के बाद भी उन्हें दीवानी मुकदमों में उलझाकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके एक भतीजे, जो पुलिस विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं, द्वारा नौकरी का प्रभाव दिखाकर उन्हें धमकाया जा रहा है। साथ ही घर और संपत्ति पर जबरन कब्ज़े की आशंका भी जताई गई है।

जंसीलाल ने प्रशासन से अपनी और अपनी पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता के हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान या जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। वहीं, आरोपित पक्ष का पक्ष भी सामने नहीं आ सका है। मामले की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Bite- पीड़ित