*TV 20 NEWS || AZAMGARH: पंचायतों की प्रगति गाथा -2026, सशक्त पंचायतों की दिशा में तेज़ी से बढ़ते कदम, जनभागीदारी, सुशासन और नवाचार से लिखी पंचायत विकास की नई इबारत*
*पंचायतों की प्रगति गाथा -2026*
*सशक्त पंचायतों की दिशा में तेज़ी से बढ़ते कदम*
*जनभागीदारी, सुशासन और नवाचार से लिखी पंचायत विकास की नई इबारत*
आजमगढ़ 07 जुलाई 2026/
*पंचायतों को सशक्त बनाने पर राज्य स्तरीय कार्यशाला में व्यापक मंथन*
पंचायती राज विभाग द्वारा क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के लिए राज्य स्तरीय एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में मा. पंचायती राज मंत्री, ओमप्रकाश राजभर एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव पंचायती राज, अनिल कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्रीमती गुंजन द्विवेदी, उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह सेनानी तथा विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं, नवाचारों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों को पंचायतों में पारदर्शिता, जनभागीदारी, सुशासन एवं प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा विभिन्न जनपदों के अनुभवों एवं सुझावों का आदान-प्रदान भी किया गया।
मा. पंचायती राज मंत्री ने स्वच्छता कर्मियों को वितरित की स्वच्छता किट एवं ड्रेस
जनपद मिर्जापुर में मा. पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट एवं ड्रेस वितरित की गई। यह पहल स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान एवं कार्यक्षमता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मंत्री जी ने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के स्वास्थ्य एवं स्वच्छ वातावरण के वास्तविक प्रहरी हैं। उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किट एवं ड्रेस के वितरण से कार्य के दौरान सुरक्षा बढ़ेगी और स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आएगा।
मंत्रिपरिषद की बैठक में जनकल्याण एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय
लोक भवन, लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें मा. पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने सहभागिता की।
बैठक में प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। इन निर्णयों का उद्देश्य आमजन के जीवन को अधिक सरल, सुरक्षित एवं समृद्ध बनाना तथा विकास की गति को और अधिक तेज करना है।
प्रमुख सचिव पंचायती राज ने बारात घर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा
पंचायती राज निदेशालय में प्रमुख सचिव पंचायती राज अनिल कुमार की अध्यक्षता में बारात घर निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनपदों में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण तथा कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
श्रीमती गुंजन द्विवेदी ने मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) का कार्यभार ग्रहण किया
श्रीमती गुंजन द्विवेदी (आईएएस) ने पंचायती राज निदेशालय, अलीगंज में मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक कर मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
बैठक में ग्रामीण स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक शौचालय, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी आधारित स्थायी जनआंदोलन बनाने पर बल दिया तथा समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए।
मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत “साधना सप्ताह” का शुभारंभ
मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत 2 से 8 अप्रैल 2026 तक आयोजित “साधना सप्ताह” का राज्य स्तरीय शुभारंभ पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान (PRTI), लखनऊ में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त निदेशक श्री संजय कुमार बरनवाल, उपनिदेशक योगेन्द्र कटियार एवं उपनिदेशक मनीष कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अधिकारियों ने सभी कार्मिकों से क्षमता निर्माण एवं कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए iGOT पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों को पूर्ण करने का आह्वान किया। कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
आधार सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला
पंचायती राज निदेशालय में आधार ऑपरेटरों एवं सुपरवाइजर्स के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उपनिदेशक योगेन्द्र कटियार ने किया।
उन्होंने पंचायत सहायकों एवं आधार ऑपरेटरों की भूमिका को आमजन तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यशाला में UIDAI की टीम ने आधार संचालन, दस्तावेज सत्यापन एवं नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा की। लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों से आए 100 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर लोकतंत्र का उत्सव
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में लोकतांत्रिक सहभागिता का उत्सव मनाया गया। ग्राम सभाओं, चौपालों एवं जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इन आयोजनों में 73वें संविधान संशोधन, ग्राम सभा की भूमिका, पंचायतों के अधिकार एवं दायित्व तथा जनसमस्याओं के समाधान पर व्यापक चर्चा की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित भी किया गया।
*#KnowYourPanchayat अभियान से बढ़ी जनजागरूकता*
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर पंचायती राज विभाग द्वारा सोशल मीडिया पर *#KnowYourPanchayat* अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को ग्राम पंचायतों की भूमिका, कार्यों एवं ग्रामीण विकास में उनके योगदान से परिचित कराना था।
इन्फोग्राफिक्स, जानकारीपूर्ण पोस्ट, वीडियो एवं क्विज के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने अभियान में सहभागिता की। मा. पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने भी वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील की। इस पहल से पंचायतों के प्रति जनजागरूकता एवं नागरिक सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थलों का समग्र विकास
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक एवं सुविधायुक्त अंतिम संस्कार की व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंत्येष्टि स्थलों का विकास किया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत शवदाह प्लेटफॉर्म, शांति स्थल, पेयजल, शौचालय, स्नानघर तथा लकड़ी टाल जैसी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, मानवीय गरिमा एवं बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वंदनीय ग्राम पंचायत – राजपुर, जनपद हाथरस
इस माह की “वंदनीय ग्राम पंचायत” के रूप में जनपद हाथरस की ग्राम पंचायत राजपुर का चयन किया गया है।
ग्राम पंचायत ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्राप्त 16 लाख रुपये से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की है। गांव में घर-घर कूड़ा संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था लागू है। एकत्रित प्लास्टिक का प्रसंस्करण कर उसे ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को उपलब्ध कराया जाता है, जिसका उपयोग सड़क निर्माण में किया जा रहा है। यह पहल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के पुनः उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।






