*TV 20 NEWS || AZAMGARH:हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई तक, आजमगढ़ में बने हज सुविधा केंद्र*

हज-2027 के इच्छुक आवेदक 20 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

आजमगढ़, 08 जुलाई 2026/

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने बताया है कि सचिव/कार्यपालक अधिकारी, उ०प्र० राज्य हज समिति, लखनऊ द्वारा हज-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं हज सुविधा केन्द्र स्थापित किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं, जो निम्नानुसार हैं—
इच्छुक हज आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई की वेबसाइट hajcommittee.gov.in तथा हज सुविधा (Haj Suvidha) एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 निर्धारित है।

पासपोर्ट मशीन-पठित (Machine Readable) होना चाहिए। हस्तलिखित पासपोर्ट मान्य नहीं होगा तथा उसकी वैधता 31 दिसम्बर, 2027 तक होना अनिवार्य है। हज-2027 हेतु सामान्य 40 दिवसीय यात्रा के अतिरिक्त 20 दिवसीय हज यात्रा हेतु आवेदन करने का भी विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिसमें सीमित सीटें हैं। इस विकल्प का चयन करने वाले आवेदकों के लिए केवल 07 उड़ान स्थल—अहमदाबाद, बैंगलोर, चेन्नई, कोच्चिन, दिल्ली, हैदराबाद एवं मुंबई—निर्धारित किए गए हैं। सामान्य हज यात्रा हेतु निर्धारित शर्तें हज-2026 की भाँति ही रहेंगी। ऑनलाइन आवेदन करते समय पासपोर्ट आकार का फोटो, पासपोर्ट का प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, एड्रेस प्रूफ तथा बैंक खाते का विवरण, जिसमें कैंसिल्ड चेक अथवा बैंक पासबुक की प्रति शामिल हो, अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र भरने से पूर्व हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in तथा उ०प्र० राज्य हज समिति की वेबसाइट https://www.hajcommittee.up.gov.in पर उपलब्ध विस्तृत दिशा-निर्देश एवं हज नीति का अवलोकन अवश्य कर लें।

हज-2027 हेतु अधिकतम 05 व्यक्ति एक साथ आवेदन कर सकते हैं। सभी आवेदक एक ही श्रेणी के होने चाहिए तथा प्रत्येक आवेदक का स्वयं का मोबाइल नम्बर अंकित होना आवश्यक होगा। बिना मेहरम श्रेणी में 65 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएँ भी आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के उपरांत आवेदन पत्र का प्रिंट आउट डाउनलोड करना होगा तथा चयन उपरांत उसे अन्य निर्धारित प्रपत्रों के साथ उ०प्र० राज्य हज समिति को उपलब्ध कराना होगा।

जनपद स्तर पर हज सुविधा केन्द्र सरायमीर (हज ट्रेनर मोहम्मद अफजाल, मो० नं० 9415656812), सदर, आजमगढ़ (मो० सलीम, हज ट्रेनर, मो० नं० 9451751180), मुबारकपुर (हज ट्रेनर मोहम्मद रजा, मो० नं० 9305151400) तथा बिलरियागंज (हज ट्रेनर मोहम्मद नदीम) में स्थापित किए गए हैं। कार्यालय स्तर पर अधिक जानकारी हेतु कमर रजा रिजवी, व०स०, मो० नं० 9450449245 पर संपर्क किया जा सकता है।