*TV 20 NEWS || AZAMGARH:सीएम डैशबोर्ड ओवरऑल रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ ने पूरे प्रदेश में हासिल किया 5वां स्थान, जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए और बेहतर कार्य करने हेतु की अपील*
सीएम डैशबोर्ड ओवरऑल रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ ने पूरे प्रदेश में हासिल किया 5वां स्थान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए और बेहतर कार्य करने हेतु की अपील
आजमगढ़, 10 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की माह जून 2026 की ओवरऑल (विकास एवं राजस्व) रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 92.40 प्रतिशत अंकों के साथ 5वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद में विकास एवं राजस्व कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत अनुश्रवण तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है।
जनपद आजमगढ़ ने सीएम डैशबोर्ड राजस्व रैंकिंग में प्रदेश में 6वां स्थान, विकास रैंकिंग में 15वां स्थान तथा ओवरऑल (विकास एवं राजस्व) रैंकिंग में 5वां स्थान प्राप्त किया है। इसके बारे में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कहा कि यह सफलता जनपद के सभी विभागों द्वारा योजनाओं एवं कार्यक्रमों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन का प्रतिफल है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी ने पूरी निष्ठा, उत्तरदायित्व एवं समर्पण के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप जनपद को प्रदेश स्तर पर यह महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि निश्चित रूप से उत्साहवर्धक है, किन्तु इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना जा सकता। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर सुधार, नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुँचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक लक्ष्य जनपद आजमगढ़ को और बेहतर बनाना है। इसके लिए सभी विभागों को और अधिक प्रतिबद्धता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, जिससे विकास एवं राजस्व प्रशासन दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने कहा कि यह उपलब्धि जनपद की पूरी टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभाग इसी प्रकार टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आगामी माह की रैंकिंग में जनपद को और बेहतर स्थान दिलाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ प्रयास करेंगे।
जनपद की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता का परिचायक है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास एवं राजस्व कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आजमगढ़ निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।






