*TV 20 NEWS || LUCKNOW:NEET परीक्षा में बार-बार गड़बड़ी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है : NCP उत्तर प्रदेश*
NEET परीक्षा में बार-बार गड़बड़ी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है : NCP उत्तर प्रदेश
लखनऊ। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री हरिश्चन्द्र सिंह जी ने NEET परीक्षा में बार-बार सामने आ रही कथित अनियमितताओं, परीक्षा व्यवस्था की विफलता तथा अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को अनसुना किए जाने पर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि NEET केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि लाखों गरीब, मध्यमवर्गीय और मेहनतकश परिवारों के बच्चों के भविष्य का सवाल है। विद्यार्थी वर्षों तक दिन-रात मेहनत करते हैं, परिवार अपनी पूरी जमा-पूंजी उनकी पढ़ाई पर लगा देते हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था में बार-बार गड़बड़ी होने से उनकी मेहनत और भविष्य दोनों संकट में पड़ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा परिणामों में कथित विसंगतियां और परीक्षा प्रक्रिया पर उठते सवाल किसी भी जिम्मेदार सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय होना चाहिए। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हैं, तो उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें नजरअंदाज किया जाता है या उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जाता है।
NCP उत्तर प्रदेश मांग करती है कि:
1. NEET परीक्षा से जुड़ी सभी शिकायतों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।
2. परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए।
3. जिन छात्रों को परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के कारण नुकसान हुआ है, उन्हें न्याय और उचित राहत दी जाए।
4. छात्रों और अभिभावकों के प्रतिनिधियों से तत्काल संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
5. भविष्य में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों को रोकने के लिए पारदर्शी और मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू की जाए।
NCP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकारें छात्रों की आवाज दबाकर नहीं, बल्कि उनकी समस्याएं सुनकर चलती हैं। देश का युवा वर्ग केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जवाबदेही और न्याय चाहता है।
उन्होंने कहा, “जो विद्यार्थी अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्षों को मेहनत और संघर्ष में लगा रहे हैं, उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ राष्ट्र के साथ खिलवाड़ है। सरकार को छात्रों के विरोध को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ देखना चाहिए।”
NCP उत्तर प्रदेश छात्रों के न्यायपूर्ण संघर्ष के साथ खड़ी है और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा निष्पक्षता की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।6






