*TV 20 NEWS || AZAMGARH : छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित*
छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित
पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें- कुल सचिव
आजमगढ़ 27 जुलाई 2027/
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में अन्य दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों की कार्यशाला दो पालियों में आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य वित्तीय वर्ष/शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे कुल सचिव, महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी प्राचार्यों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपन्न कराएं तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजना की जानकारी पहुंचाकर अधिकतम आवेदन सुनिश्चित करें।
बैठक में अवगत कराया गया कि अन्य दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग / सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र/छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति शैक्षणिक भत्ता / एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायन सिंह द्वारा निर्देश दिये कि शासन द्वारा निर्गत समय सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति पोर्टल मास्टर डाटा में फीस / कोर्स अन्य प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए तथा पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समयबद्ध रूप से भरवाकर उनका सत्यापन भी निर्धारित अवधि में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब के लिए संबंधित संस्था एवं नोडल अधिकारी उत्तरदायी होंगे। सभी विद्यालयों से अपेक्षा की गयी कि छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे कोई भी पात्र विद्यार्थी जानकारी के अभाव में आवेदन से वंचित न रह जाए। साथ ही आवेदन पत्रों एवं अभिलेखों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करते हुए शत-प्रतिशत पात्र छात्रों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
उक्त कार्यशला में जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा पी०पी०टी० प्रजेन्टेशन के माध्यम से छात्रवृत्ति के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी। कार्यशाला में कुल सचिव, महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, आजमगढ़, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, आजमगढ़ एंव महाविद्यालय के प्राचार्य एवं छात्रवृत्ति नोडल उपस्थित रहे।






