*TV 20 NEWS || AZAMGARH:बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान के तहत 04 बच्चों का रेस्क्यू, परिजनों को सौंपकर दी गई कड़ी हिदायत*
**प्रेस-विज्ञप्ति**
**दिनांक- 06.08.2026**
**जनपद आजमगढ़**
**➡️ बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान के तहत 04 बच्चों का रेस्क्यू, परिजनों को सौंपकर दी गई कड़ी हिदायत**
**➡️ एएचटी, चाइल्ड हेल्पलाइन, सीडब्ल्यूसी, जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चलाया सघन जागरूकता एवं चेकिंग अभियान**
मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उ0प्र0, लखनऊ के निर्देशन में संचालित **बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान** के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी, थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के पर्यवेक्षण में थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा थाना कन्धरापुर क्षेत्र स्थित **भंवरनाथ मंदिर** परिसर एवं आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान **04 बच्चों को बाल भिक्षावृत्ति करते हुए चिन्हित किया गया**, जिन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन, आजमगढ़ द्वारा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आवश्यक कार्रवाई के उपरांत बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द करते हुए भविष्य में उनसे भिक्षावृत्ति न कराने की सख्त हिदायत दी गई।
संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को **बाल श्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति** जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों से श्रम न कराया जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर आमजन को शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर **108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 एवं 181** के संबंध में जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अपील की गई कि यदि कहीं कोई बच्चा बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति अथवा किसी भी प्रकार के शोषण का शिकार होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर दें, ताकि समयबद्ध सहायता एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
**अभियान में सम्मिलित अधिकारी/कर्मचारीगण-**
* प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्रा, थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, आजमगढ़
* संजय शाही, चाइल्ड हेल्पलाइन
* शैलेन्द्र मिश्रा, चाइल्ड हेल्पलाइन
* प्रतीक सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन
* प्रदुम्मन, चाइल्ड हेल्पलाइन
* कविता गौतम, चाइल्ड हेल्पलाइन
* अन्नू सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन
* सरिता पाल, वन स्टॉप सेंटर, आजमगढ़
* हे0का0 रामजनम यादव, थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग
* म0का0 शबाना बानो, थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग।






