*TV 20 NEWS || LUCKNOW: :सामाजिक समरसता, समान अवसर और सर्वांगीण विकास ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

– *सामाजिक समरसता, समान अवसर और सर्वांगीण विकास ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*

– *प्रयागराज में अनुसूचित समाज वर्ग के साथ आयोजित ‘सामाजिक सद्भाव बैठक’ में किया संवाद*

– *प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, अंत्योदय और समावेशी विकास को मिली नई दिशा : श्री मौर्य*

प्रयागराज/लखनऊ, 07 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज में अनुसूचित समाज वर्ग के साथ आयोजित ‘सामाजिक सद्भाव बैठक’ में सहभागिता करते हुए सामाजिक समरसता, समान अवसर, सामाजिक न्याय तथा सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता, सामाजिक एकता और समरसता में निहित है तथा सभी वर्गों को समान सम्मान और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” का मंत्र केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के समावेशी विकास का सशक्त आधार बन चुका है। इसी संकल्प के अनुरूप केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की प्रत्येक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ केवल अधिकार देना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा, अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। अनुसूचित समाज वर्ग सहित समाज के सभी वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए सरकार अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है, जिससे शिक्षा, रोजगार, आवास, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ता है, तभी राष्ट्र सशक्त और आत्मनिर्भर बनता है।

उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समरसता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा समाज को विभाजित करने वाली शक्तियों से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, माननीय जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अनुसूचित समाज वर्ग के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।