*TV 20 NEWS || AZAMGARH :आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण*

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक का लिया जायजा, डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता – जिला निर्वाचन अधिकारी

आजमगढ़, 29 अगस्त 2026//

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल दुर्गाजी पीजी कॉलेज, चण्डेश्वर तथा मतगणना स्थल एफसीआई गोदाम चकवल एवं बेलइसा का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, भवनों की स्थिति, सड़क की मरम्मत, परिसर की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों एवं संस्थानों के जिम्मेदार अधिकारियों से उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल दुर्गाजी पीजी कॉलेज, चण्डेश्वर में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया के लिए भवन एवं परिसर की उपयुक्तता, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही मतगणना स्थल एफसीआई गोदाम चकवल एवं बेलइसा में निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं। निर्वाचन संबंधी सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव एवं उसके आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन के दृष्टिगत चिन्हित स्थलों की व्यवस्थाओं का नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए जो भी कमियां अथवा आवश्यकताएं सामने आएं, उनका समय रहते निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। परिसर में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, निगरानी तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती आदि की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।