*TV 20 NEWS || AZAMGARH :फार्मर रजिस्ट्री अभियानः किसानों को मिल रही डिजिटल पहचान, लगभग 8 लाख फार्मर रजिस्ट्री बनाने के साथ उत्तर प्रदेश में जनपद आजमगढ़ शीर्ष पर*
फार्मर रजिस्ट्री अभियानः किसानों को मिल रही डिजिटल पहचान
लगभग 8 लाख फार्मर रजिस्ट्री बनाने के साथ उत्तर प्रदेश में जनपद आजमगढ़ शीर्ष पर
स्मार्ट तकनीक से समृद्ध हो रहा उत्तर प्रदेश का किसान
फार्मर रजिस्ट्री से पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि अनुदान एवं ऋण सुविधाओं का सुलभ लाभ-जिलाधिकारी
फार्मर रजिस्ट्रीः सशक्त एवं समृद्ध किसान, डिजिटल उत्तर प्रदेश की पहचान।
फार्मर रजिस्ट्रीः एक पहचान, अनेक लाभ
आजमगढ़, 02 सितम्बर 2026//
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। किसानों की आय, सम्मान और सुविधाओं में वृद्धि के साथ कृषि क्षेत्र को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में फार्मर रजिस्ट्री अभियान किसानों को डिजिटल पहचान प्रदान करने तथा उन्हें शासन की किसान-केंद्रित योजनाओं से सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है।
जनपद आजमगढ़ ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने वाले जनपद के रूप में अपनी अग्रणी स्थिति बनाई है। जनपद में कुल 8,27,779 किसानों के लक्ष्य के सापेक्ष लभगभ 8 लाख फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी हैं। यह कुल लक्ष्य का लगभग 96 प्रतिशत है।
किसानों को मिलेगी एकीकृत डिजिटल पहचान
फार्मर रजिस्ट्री डिजिटल कृषि व्यवस्था की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके अंतर्गत किसान की पहचान, भूमि संबंधी विवरण एवं आवश्यक जानकारी को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रत्येक पात्र किसान की सत्यापित एवं विशिष्ट फार्मर आईडी तैयार की जा रही है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का प्रमुख उद्देश्य किसानों की डिजिटल पहचान को मजबूत करना तथा उन्हें विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। फार्मर रजिस्ट्री तैयार होने के बाद किसान को विभिन्न योजनाओं में अपनी जानकारी बार-बार उपलब्ध कराने की आवश्यकता कम होगी तथा उपलब्ध डिजिटल डेटा के आधार पर पात्र लाभार्थियों की पहचान अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
एक डिजिटल पहचान, अनेक लाभ
फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने से किसानों को भविष्य में विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में सुविधा होगी। इसके प्रमुख लाभ हैं—
किसान की डिजिटल एवं विशिष्ट पहचान तैयार होना।
किसान एवं भूमि संबंधी विवरण का डिजिटल सत्यापन। सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान में सुविधा। कृषि योजनाओं एवं सेवाओं तक आसान और पारदर्शी पहुंच। डुप्लीकेट एवं अपात्र लाभार्थियों की पहचान में सहायता। किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, कृषि इनपुट, अनुदान एवं अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं के लिए डेटा आधारित व्यवस्था विकसित होना। भविष्य में कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न डिजिटल सेवाओं का एकीकृत लाभ प्राप्त करने में सुविधा।
इस प्रकार फार्मर रजिस्ट्री केवल किसान का पंजीकरण नहीं, बल्कि किसान की डिजिटल पहचान को मजबूत करने और उसे आधुनिक कृषि प्रशासन एवं किसान-केंद्रित सेवाओं से प्रभावी ढंग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राजस्व अभिलेखों के आधार पर तैयार हो रही फार्मर आईडी
फार्मर रजिस्ट्री में मुख्य रूप से ऐसे किसान पात्र हैं, जिनका नाम संबंधित राजस्व/भूमि अभिलेखों में दर्ज है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसान की पहचान एवं भूमि संबंधी विवरण का सत्यापन किया जाता है। आवश्यकतानुसार आधार, मोबाइल नंबर तथा भूमि संबंधी अभिलेखों की सहायता से विवरण का सत्यापन कर फार्मर आईडी तैयार की जाती है।
अंतरविभागीय समन्वय और निरंतर अनुश्रवण से मिली गति
जनपद आजमगढ़ में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत् अनुश्रवण में राजस्व, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ग्राम स्तर तक अभियान को मिशन मोड में आगे बढ़ाया गया। अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा के साथ धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष प्रयास किए गए। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व एवं उसके लाभों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों के सत्यापन, फार्मर रजिस्ट्री निर्माण तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा विशेष रूप से नाम मिसमैच, आदेश में नाम तथा अंश निर्धारण से संबंधित तकनीकी एवं लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों एवं कार्मिकों के मध्य समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी आई है।
96 प्रतिशत उपलब्धि, शत-प्रतिशत लक्ष्य की ओर आजमगढ़
अब तक लगभग 8 लाख फार्मर रजिस्ट्री तैयार कर जनपद आजमगढ़ ने कुल लक्ष्य का लगभग 96 प्रतिशत हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि जनपद को प्रदेश में अग्रणी स्थान पर स्थापित करती है।जिलाधिकारी के सतत् पर्यवेक्षण, नियमित समीक्षा, सूक्ष्म अनुश्रवण तथा अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट दिशा-निर्देशों के परिणामस्वरूप अभियान को निरंतर गति मिल रही है। शेष पात्र किसानों को अभियान से जोड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है।
शत-प्रतिशत लक्ष्य के लिए विशेष रणनीति
जनपद को शत-प्रतिशत उपलब्धि तक पहुंचाने के लिए शेष किसानों की ग्रामवार एवं क्षेत्रवार सूची तैयार कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों की नियमित समीक्षा की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार विशेष टीमों के माध्यम से कार्य में तेजी लाई जाएगी। राजस्व, पंचायत एवं कृषि विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधी सत्यापन में तेजी लाई जाएगी। ग्राम स्तर पर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों की जानकारी देकर उन्हें पंजीकरण पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नाम मिसमैच, आदेश में नाम एवं अंश निर्धारण से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाएगा।
प्रतिदिन की प्रगति का अनुश्रवण करते हुए 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त होने तक अभियान को मिशन मोड में जारी रखा जाएगा।
डिजिटल किसान, सशक्त किसान
फार्मर रजिस्ट्री किसानों और शासन के बीच डिजिटल कड़ी को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसान की पहचान और भूमि संबंधी विवरण एक विश्वसनीय डिजिटल व्यवस्था में उपलब्ध होंगे तथा भविष्य में कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक सुगमता और पारदर्शिता से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। जनपद आजमगढ़ द्वारा लगभग 96 प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर प्रदेश में सर्वाधिक उपलब्धि हासिल करना अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन क्षमता को दर्शाता है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व, निरंतर अनुश्रवण और परिणामोन्मुखी कार्यशैली में जनपद अब शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है






