TV20 NEWS || LUCKNOW:सर्किट हाउस प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया जनता दर्शन
सर्किट हाउस प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया जनता दर्शन
• नाली, पेयजल, सड़क, चिकित्सा, भूमि कब्जा, चकमार्ग चौड़ीकरण सहित विभिन्न समस्याओं के प्राप्त हुए शिकायत पत्र
• पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
• जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता:
मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी
लखनऊ | प्रयागराज, 06 सितंबर, 2026, मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज सर्किट हाउस, प्रयागराज में जनता दर्शन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने नाली, जल निकासी, पेयजल, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, चिकित्सा सुविधा, भूमि संबंधी विवाद, अवैध कब्जे से मुक्ति, चकमार्ग चौड़ीकरण, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, इलाज हेतु आर्थिक सहायता सहित विभिन्न जनसमस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायती एवं अनुरोध पत्र दिए । श्री मौर्य जी ने प्रत्येक फरियादी की बात को धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण के नियमसम्मत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए। आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करे।
मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र परिवारों का सत्यापन कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र गरीब परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इसी प्रकार गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों ने उपचार हेतु आर्थिक सहायता, आयुष्मान कार्ड एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। श्री मौर्य जी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों को चिकित्सा एवं सहायता योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। भूमि पर अवैध कब्जे, चकमार्ग के अतिक्रमण एवं चौड़ीकरण से संबंधित शिकायतों पर भी मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने राजस्व एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रास्तों एवं चकमार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
श्री मौर्य जी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का मूल उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता दर्शन इसी संकल्प का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है।






