*TV 20 NEWS || AZAMGARH:उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना के माध्यम से गांवों के विकास में सहभागी बनें प्रवासी एवं इच्छुक दानकर्ता—जिलाधिकारी*
उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना के माध्यम से गांवों के विकास में सहभागी बनें प्रवासी एवं इच्छुक दानकर्ता—जिलाधिकारी
परियोजना की लागत का 60 प्रतिशत दानकर्ता तथा 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा वहन
देश-विदेश में रहने वाले व्यक्ति/संस्थाएं जनपद के किसी भी गांव में करा सकेंगे जनोपयोगी विकास कार्य
आवेदन हेतु पोर्टल mbhumi.upprd.in पर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध
आजमगढ़, 15 सितम्बर 2026।
निदेशक पंचायती राज, उत्तर प्रदेश द्वारा उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में दिशा-निर्देश निर्गत किए गए हैं। योजना का उद्देश्य देश-विदेश में निवास करने वाले प्रवासी नागरिकों, व्यक्तियों एवं संस्थाओं को अपने गांव तथा मातृभूमि के विकास से जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जनोपयोगी अवस्थापना एवं विकास कार्यों को गति प्रदान करना है।
योजनान्तर्गत देश अथवा विदेश में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति/संस्था जनपद के किसी भी गांव में अपनी इच्छानुसार विकास कार्य कराने के लिए सहयोग प्रदान कर सकता है। इसके लिए दानकर्ता द्वारा परियोजना की कुल लागत का 60 प्रतिशत अंशदान दिया जाएगा, जबकि शेष 40 प्रतिशत धनराशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। इस प्रकार योजना के माध्यम से गांवों में आवश्यक एवं जनोपयोगी विकास कार्यों को स्थानीय सहभागिता और सरकारी सहयोग के समन्वय से पूरा कराया जा सकेगा।
मातृभूमि योजना के अंतर्गत दानकर्ता अपने प्रस्ताव के अनुसार विभिन्न प्रकार के जनोपयोगी कार्य करा सकते हैं। इससे गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ ग्रामीण जनजीवन को बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी। शासनादेश के प्रावधानों के अनुसार दानकर्ता की इच्छा एवं प्रस्ताव के अनुरूप निर्मित परियोजना पर शिलापट्ट लगाए जाने की भी व्यवस्था की गई है।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
योजना का लाभ लेने एवं विकास कार्यों के लिए सहयोग प्रदान करने के इच्छुक दानकर्ताओं के आवेदन हेतु विभाग द्वारा https://mbhumi.upprd.in पोर्टल विकसित किया गया है। इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्था पोर्टल के माध्यम से योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को इसकी जानकारी सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा में ब्राउजर/प्रचार सामग्री भी विकसित कराई गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़कर अपने गांव के विकास में योगदान कर सकें।
जिलाधिकारी ने की सहभागिता की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, देश-विदेश में निवास कर रहे प्रवासी नागरिकों तथा इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से अपील की है कि उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता करें तथा अपने गांव में जनोपयोगी विकास कार्य कराने के लिए पोर्टल पर अधिक से अधिक आवेदन करें। उन्होंने कहा कि मातृभूमि से जुड़े लोग अपने गांव के विकास में योगदान देकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार और विकास की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बना सकते हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि योजना का जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र एवं इच्छुक दानकर्ताओं को योजना की जानकारी प्राप्त हो तथा वे इससे जुड़कर ग्रामीण विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय जिला पंचायत राज अधिकारी, आजमगढ़ से संपर्क कर सकते हैं।






