*TV 20 NEWS || AZAMGARH:संजय श्रीवास्तव बने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150 आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष,संगठन की मजबूती और कायस्थ समाज की एकजुटता को देंगे नई दिशा*

संजय श्रीवास्तव बने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150 आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष,संगठन की मजबूती और कायस्थ समाज की एकजुटता को देंगे नई दिशा

आजमगढ़। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150, आजमगढ़ के जिला अध्यक्ष पद पर संजय श्रीवास्तव का मनोनयन किया गया है। उनके मनोनयन से कायस्थ समाज एवं संगठन से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर संजय श्रीवास्तव ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने, समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने तथा युवाओं को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही समाज के लोगों के बीच आपसी समन्वय, एकजुटता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज की सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त बनाना तथा समाज के जरूरतमंद लोगों के हित में रचनात्मक कार्य करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को जनपद में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उनके मनोनयन पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कायस्थ समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और समाज की एकजुटता को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर विद्याधर श्रीवास्तव, दिलीप अस्थाना,रजनीश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, मृगांक शेखर सिन्हा,अभिषेक श्रीवास्तव,मनीष श्रीवास्तव,अमन श्रीवास्तव,मुनीश अस्थाना,मदन गोपाल श्रीवास्तव,पंकज अस्थाना,मनोज कुमार श्रीवास्तव,राजेश अस्थाना अनन्त,सचिन सौरभ,ऋषभ श्रीवास्तव,विशाल श्रीवास्तव,मयंक श्रीवास्तव,पल्लव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।