*TV 20 NEWS || AZAMGARH: निजी आबादी की जमीन में जबरन रास्ता बनाने का आरोप, पीड़िता ने एसडीएम सगड़ी से लगाई न्याय की गुहार

निजी आबादी की जमीन में जबरन रास्ता बनाने का आरोप, पीड़िता ने एसडीएम सगड़ी से लगाई न्याय की गुहार

सगड़ी, आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के महुलिया कटैउवा गांव निवासी पुष्पा पत्नी दिनेश ने मंगलवार को उप जिलाधिकारी सगड़ी को प्रार्थना पत्र देकर निजी आबादी की जमीन में कथित रूप से जबरन रास्ता बनाए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की जांच कराकर न्यायालय के आदेश के अनुरूप कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में पुष्पा ने बताया कि संबंधित आबादी की जमीन को लेकर न्यायालय में पहले से विवाद चल रहा है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, इस संबंध में कमीशन नक्शा, दावा तथा अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर-1, आजमगढ़ में सिविल अपील संख्या 85/1991, शिवजोर बनाम सुक्खू आदि का मामला भी विचाराधीन रहा है। इसके अलावा मुंसिफ, मोहम्मदाबाद गोहना, आजमगढ़ के यहां वाद संख्या 526183 में प्रार्थिनी के परिजनों के पक्ष में आदेश होने का भी दावा किया गया है।

पीड़िता का आरोप है कि इन न्यायिक प्रक्रियाओं के बावजूद ग्राम प्रधान, सुरेंद्र यादव, राजस्व विभाग तथा स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उसके परिवार के सदस्यों को थाने में बंद कर दिया गया। इसके बाद घर की चारदीवारी और पक्के निर्माण को तोड़कर कथित रूप से जबरन कब्जा करते हुए वहां रास्ते का निर्माण करा दिया गया।

पुष्पा ने प्रार्थना पत्र में कहा कि इस कार्रवाई से उसका परिवार भयभीत है और उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। साथ ही उसने न्यायालय के आदेश की अवहेलना किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पीड़िता ने एसडीएम सगड़ी से संबंधित भूमि पर हुए निर्माण की जांच न्यायालय के आदेशों के अनुरूप कराने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।