TV20 NEWS ||AZAMGARH : जनपद के सभी विकास खण्डों व नगरीय निकायों में सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर/ मेले का जन प्रतिनिधियों द्वारा किया गया भव्य शुभारंभ
सेवा सेतु अभियान के तहत लगाए गए शिविरों में विभिन्न योजनाओं की दी जा रही जानकारी, जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य उद्घाटन
आजमगढ़। सेवा सेतु अभियान के क्रम में शुक्रवार को जनपद के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर/मेले का भव्य शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। शिविरों के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विकासखंड पल्हनी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर/मेले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में विकासखंड अतरौलिया में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर/मेले का भव्य शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जनपद के अन्य सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में भी सेवा सेतु अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। सात दिवसीय इन शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी लोगों को दी जा रही है। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नगरवासियों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।






