रास डांडिया 2.0 की तैयारियां तेज, सुरक्षा के होंगे विशेष इंतजाम
आजमगढ़। हिरापट्टी स्थित उदय लॉन में 15 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले रास डांडिया 2.0 की तैयारियां तेज हो गई हैं। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की ओर से पूजा सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न टीमों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा, तकनीकी और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आयोजन में प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। उदय लॉन की क्षमता लगभग 3,000 लोगों की है, जबकि 800 से 900 लोगों के लिए डांडिया खेलने की विशेष व्यवस्था की गई है।
पूजा सिंह ने कहा कि रास डांडिया 1.0 की सफलता के बाद संस्था इस बार भी आयोजन को यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनपदवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।






