*TV 20 NEWS || LUCKNOW:उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की निर्देश पर 39 सहायक विकास अधिकारी बने संयुक्त खण्ड विकास अधिकारी*
मीडिया कार्यालय उप मुख्यमंत्री प्रेस विज्ञप्ति
– *उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की निर्देश पर 39 सहायक विकास अधिकारी बने संयुक्त खण्ड विकास अधिकारी*
– *कर्मठ अधिकारियों- कर्मचारियों का समयबद्ध पदोन्नति मिले, स्वस्थ मन से करेंगे जनता की सेवा: केशव प्रसाद मौर्य*
– *अधिकारियों- कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण का सम्मान हमारी जिम्मेदारी: उपमुख्यमंत्री*
लखनऊ, 9 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की पहल एवं निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग के 39 सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) को संयुक्त खण्ड विकास अधिकारी के पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में आयुक्त, ग्राम्य विकास श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में विभागीय चयन समिति (डीपीसी) की बैठक मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित अधिकारियों की वरिष्ठता, सेवा पुस्तिका, सेवा अभिलेखों एवं निर्धारित विभागीय मानकों की समीक्षा के बाद पदोन्नति की संस्तुति की गई।
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए *कहा कि “हमारी सरकार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण का सम्मान करती है। मेरा स्पष्ट मानना है कि जो अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा से जनसेवा करते हैं, उन्हें आगे बढ़ने के उचित अवसर मिलने चाहिए। समय पर पदोन्नति और कार्यों का प्रोत्साहन कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाता है, उनमें नई ऊर्जा का संचार करता है और बेहतर परिणाम देने की प्रेरणा देता है। हमारा उद्देश्य ऐसा कार्य वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक कर्मठ कर्मचारी अपने योगदान का सम्मान महसूस करे और पूरी क्षमता से जनता के कार्य करे।”*
श्री मौर्य ने कहा कि पदोन्नति के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्हें अपने अनुभव और कार्यक्षमता का उपयोग करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पदोन्नत अधिकारी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प पूर्ति हेतु प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इस लक्ष्य को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका मनोबल बढ़ाना और उनकी सेवाओं को उचित पहचान देना विभागीय कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक है।
रतन सिंह,सूचनाधिकारी उपमुख्यमंत्री






