*TV 20 NEWS || AZAMGARH :नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को समर्पित रहा जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस*

नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को समर्पित रहा जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस

गुलाबी रंग से दुल्हन की तरह सजा मार्टीनगंज तहसील परिसर, महिला अधिकारियों ने सुनीं महिला फरियादियों की समस्याएं

पिंक तहसील दिवस में महिलाओं/ बालिकाओं के हितार्थ विभिन्न योजनाओं में किया गया पंजीकरण

 

महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर रहा विशेष जोर

आजमगढ़, 17 अक्टूबर 2026

शासन के निर्देशों के क्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद आजमगढ़ की सभी तहसीलों में पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित इस विशेष तहसील दिवस में महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं से जोड़ने के लिए पंजीकरण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

पिंक समाधान दिवस की विशेषता यह रही कि सभी तहसीलों में विभिन्न विभागों की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों के समन्वय से नियमानुसार समाधान की कार्यवाही की। महिलाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण, त्वरित सुनवाई और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता इस आयोजन के प्रमुख उद्देश्य रहे।

गुलाबी रंग से दुल्हन की तरह सजा मार्टीनगंज तहसील परिसर

पिंक समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मार्टीनगंज परिसर सहित सभी तहसीलों को गुलाबी रंग के कपड़ों, गुब्बारों एवं अन्य सजावटी सामग्रियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। परिसर की साज-सज्जा उत्सव जैसा वातावरण प्रस्तुत कर रही थी। तहसील पहुंचने वाले फरियादियों के लिए यह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। परिसर में प्रवेश करने पर लोगों ने देखा कि अधिकारियों द्वारा महिला फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की कार्यवाही की जा रही है।

तहसील मार्टीनगंज में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक , उप जिलाधिकारी मार्टीनगंज, क्षेत्राधिकारी मार्टीनगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने महिला फरियादियों की शिकायतों को सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मार्टीनगंज तहसील में आयोजित पिंक समाधान दिवस के दौरान एक महिला फरियादी ने शिकायत की कि उनके पड़ोसियों द्वारा उनकी भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तहसील दिवस के तत्काल बाद प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा नियमानुसार समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, एक बुजुर्ग महिला ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत प्रस्तुत की, जबकि एक अन्य महिला ने राशन कार्ड नहीं बन पाने की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

मार्टीनगंज तहसील में कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

पात्र महिलाओं को पेंशन एवं अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पात्र बुजुर्ग महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन अथवा अन्य अनुमन्य पेंशन योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, उनकी पात्रता की जांच कर आवश्यकतानुसार तत्काल पंजीकरण की कार्यवाही कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की केवाईसी तथा एनपीसीआई संबंधी प्रक्रिया लंबित होने के कारण यदि भुगतान में समस्या आ रही है, तो संबंधित लाभार्थियों को इसकी जानकारी दी जाए और उन्हें बैंक में जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।
पिंक समाधान दिवस के दौरान महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्रता के अनुसार आवेदन, पंजीकरण तथा आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया के संबंध में भी जागरूक किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रियागत कमियों के कारण कोई भी पात्र महिला सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए योजनाओं की जानकारी

तहसील दिवस में आए दंपत्तियों को बालिकाओं के जन्म के उपरांत समय से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने तथा पात्रता के अनुसार मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए जागरूक किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य के लिए आर्थिक बचत के महत्व की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने महिलाओं एवं अभिभावकों को समझाया कि बालिकाओं के जन्म से ही उनके अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेज समय से पूर्ण करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

महिला सुरक्षा, अधिकार एवं स्वावलम्बन के प्रति किया गया जागरूक

पिंक समाधान दिवस केवल शिकायतों की सुनवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा व्यवस्था और स्वावलम्बन से संबंधित विभिन्न सरकारी पहलों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम, आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल के रूप में उच्चीकृत करने की पहल तथा नमो ड्रोन दीदी योजना सहित महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यकता पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस क्रम में महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा 102 की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत के समय वे संबंधित सेवाओं से सहायता प्राप्त कर सकें।

महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिला फरियादियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं और विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की। इससे महिलाओं को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने, अधिकारों के प्रति जागरूक होने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं सशक्तीकरण पर विशेष जोर

जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, प्रशासनिक जवाबदेही और योजनाओं के लाभ से पात्र महिलाओं को जोड़ने की पहल को प्रमुखता दी गई। आयोजन के दौरान प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने, अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा।