*TV 20 NEWS || AZAMGARH :अटल आवासीय विद्यालय के छात्र/छात्राओं के शारीरिक विकास के लिए जिम फैसिलिटी के साथ अन्य खेल सुविधायें भी उपलब्ध करायी जाय: मण्डलायुक्त*

 

पेयजल की समस्या से निजात पाने के लिए कम से कम 4-5 हैण्डपम्प की स्थापना होनी चाहिए: जिलाधिकारी

आजमगढ़ 27 अक्टूबर 2026

मण्डलायुक्त विवेक ने अटल आवासीय विद्यालय के संचालन हेतु गठित मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के अत्यन्त गरीब बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं, इसलिए उनके खान पान के साथ ही शारीरिक विकास हेतु समुचित सुविधायें भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने मंगलवार को आयुक्त सभागार में आयोजित उक्त बैठक में छात्र/छात्राओं के पठन पाठन के साथ ही विद्यालय की मूलभूत आवश्यकताओं की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियन्ता, निर्माण खण्ड-5, लोनिवि को निर्देश दिया कि विद्यालय में अनुरक्षण व्यय मद के अन्तर्गत जो कार्य कराये जाने हैं उसे शीघ्र पूर्ण करायें।

इसी क्रम में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया विद्यालय के मेस, फैसिलिटी मैनेजमेन्ट, बेडिंग सामग्री, स्पोर्ट सामग्री, दैनिक उपभोग सामग्री आदि जो भी सामग्री क्रय की जाती है उसकी मात्रा के साथ ही गुणवत्ता को देखें। बैठक में अवगत कराया गया कि अतिरिक्त आवास निर्माण कराये हेतु 2 एकड़ भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है। मण्डलायुक्त विवेक ने निर्देश दिया कि उक्त निर्माण का स्टीमेट आदि तैयार कर शीघ्र शासन को प्रेषित किया जाय। उन्होंने विद्यालय के छात्र/छात्राओं के शारीरिक विकास के दृष्टिगत प्रस्तावित जिम फैसिलिटी, टेबल टेनिस व कबड्डी मैट स्थापित किये जाने के बिन्दु पर चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालय में पर्याप्त संख्या में बच्चे अध्ययनरत हैं, इसलिए इन खेलों के अलावा और भी खेल जैसे-बास्केट बाल, वालीबाल, फुटबाल, क्रिकेट आदि को भी जोड़ा जाय तथा खेल विभाग से इनके सामानों के क्रय का स्टीमेट प्राप्त करें। मण्डलायुक्त विवेक ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि शिक्षण सत्र के दौरान यदि किसी अध्यापक की शिकायत आती है तो इसे तत्काल समिति के समक्ष रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराये जाने के दृष्टिगत बैठक में उपस्थित नवोदय विद्यालय के प्राचार्य से उनके विद्यालय के बच्चों को दिये जाने वाले भोजन आदि के बारे में जानकारी करने पर अवगत कराया गया कि विद्यालय के भोजन मेन्यू के अनुसार सप्ताह में दो दिन अण्डे भी उपलब्ध कराये जाते हैं। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि अटल आवासीय विद्यालय के छात्र/छात्राओं को भी उनकी डिमाण्ड के अनुसार भोजन में तत्काल प्रभाव से अण्डे उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाय।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अटल आवासीय विद्यालय में पेयजल की समस्या को दूर करने के दृष्टिगत निर्देश दिया कि उक्त विद्यालय में कम से कम 4-5 हैण्डपम्प की स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 हैण्डपम्प हॉस्टल में और 2 हैण्डपम्प प्रशासनिक भवन में स्थापित किये जायें। इसके अलावा अन्य हैण्डपम्प के लिए उपयुक्त स्थल का चयन कर लिया जाय। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने यह भी कहा कि यदि जल जीवन मिशन से विद्यालय को कनेक्ट कर दिया जाये तो काफी सुविधा होगी। इस सम्बन्ध में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को कार्यवाही किये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि समय समय पर निरीक्षण किया जाय ताकि पठन पाठन के साथ ही अन्य व्यवस्थायें भी दुरुस्त रखी जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर कंडारकर, अपर जिलाधिकारी-वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ल, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा डाक्टर राजेश कुमार आर्य, उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ,नवोदय विद्यालय प्राचार्य शशिकान्त राय, अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रविशंकर प्रसाद, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार आदि उपस्थित रहे।