*TV 20 NEWS || AZAMGARH:राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रथम त्रैमासिक किश्त का प्रेषण सूचना*

 

आजमगढ़ 30 नवंबर 2026/

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, शांत प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा जनपद आजमगढ़ के समस्त दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों को सूचित किया जाता है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना को ‘एसएनए स्पर्श पोर्टल’ पर ऑनबोर्ड कर दिया गया है। अब पेंशन का प्रेषण इसी पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है।

इस नई व्यवस्था के तहत, कतिपय लाभार्थियों (जिनकी धनराशि भारत सरकार से भी प्राप्त हो रही है) को पेंशन का प्रेषण दो अलग-अलग भागों में किया जा रहा है। इसमें भारत सरकार का अंश ₹300/- प्रति माह (त्रैमासिक ₹900/-) तथा राज्य सरकार का अंश ₹700/- प्रति माह (त्रैमासिक ₹2100/-) की दर से निर्धारित है।

चूंकि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के लिए अलग-अलग पेमेंट फाइल साइबर ट्रेजरी द्वारा अलग-अलग प्रोसेस की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रथम त्रैमासिक किश्त की धनराशि (₹2100/- एवं ₹900/-) एक साथ न आकर, पृथक-पृथक रूप से विभिन्न समयान्तरालों पर प्राप्त हो सकती है।

अतः जनपद के सभी संबंधित दिव्यांग लाभार्थियों से अपील है कि यदि उनके खाते में पेंशन की आंशिक धनराशि (जैसे केवल ₹2100 या केवल ₹900) पहले प्राप्त होती है, तो वे भ्रमित या परेशान न हों। शेष धनराशि भी प्रक्रिया पूर्ण होते ही उनके खाते में सुरक्षित भेज दी जाएगी।