*TV 20 NEWS || AZAMGARH : बैडमिंटन प्रतियोगिता के माध्यम से जनगणना–2027 के प्रति जागरूकता का संदेश; खिलाड़ी बच्चों ने स्व-गणना के प्रचार-प्रसार का लिया संकल्प, परिवारजनों को करेंगे जागरूक*

 

16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी स्व-गणना, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलेगा घर-घर जनगणना अभियान

आजमगढ़, 01 नवम्बर 2026//

जनगणना–2027 के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा आमजन को स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से आजमगढ़ में आयोजित Yonex-Sunrise U.P. State Sub-Junior Badminton Championships (U-13 Years) के दौरान एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे बच्चों ने जनगणना–2027 के महत्व को समझते हुए अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

जागरूकता अभियान के अंतर्गत बच्चों ने सेल्फी के माध्यम से जनगणना–2027 का संदेश प्रसारित करने तथा अपने घर-परिवार के सदस्यों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बच्चों को बताया गया कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता एवं सही जानकारी का विशेष महत्व है।

इस अवसर पर बच्चों को जानकारी दी गई कि जनगणना–2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके लिए निर्धारित पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से परिवार स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा।

बच्चों को जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने परिवारजनों को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

इस संपूर्ण जागरूकता गतिविधि एवं प्रचार-प्रसार का नेतृत्व आजमगढ़ के मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया तथा इसमें प्रत्येक परिवार की सहभागिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की योजनाओं को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त किए जा सकते हैं।

जनगणना–2027 की प्रमुख तिथियां

– स्व-गणना: 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक।
– स्व-गणना पोर्टल: https://se.census.gov.in
– घर-घर जनगणना: 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक।

जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लें तथा घर-घर जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराते हुए जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

जनगणना–2027
हमारी जनगणना, हमारा विकास!