*TV 20 NEWS || AZAMGARH : विधानसभा वार रोजगार मेले में 543 अभ्यर्थियों का हुआ चयन; अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ रोजगार मेला, 32 कंपनियों ने किया प्रतिभाग*
लगभग 2000 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण, चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र
आजमगढ़, 01 नवम्बर 2026//
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में आज अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में एक दिवसीय विधानसभा वार रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। मेले में लगभग 2000 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने रोजगार हेतु पंजीकरण कराया, जिनमें से 543 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा रोजगार के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एवं मार्केटिंग सेक्टर की 32 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं चयन की प्रक्रिया संपन्न की गई। मेले में प्रातःकाल से ही युवाओं की काफी भीड़ देखने को मिली। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर चयन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लालगंज के जिलाध्यक्ष विनोद राजभर उपस्थित रहे। उन्होंने रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति ने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विधानसभा वार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक प्रतिभाग करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अनुदेशक अवधेश कुमार, पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण कांत सिंह, प्रवक्ता दिनेश सिंह, प्रवक्ता डॉ. शैलेश जायसवाल सहित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।






