*TV 20 NEWS || AZAMGARH :खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत पर चलाया विशेष अभियान व भरे 07 नमूनें तथा नष्ट करायी 75 किग्रा0 दूषित मिठाई*

 

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0, लखनऊ एवं जिलाधिकारी आज़मगढ़ के आदेश के क्रम में जनपद में आम जनमानस को मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थो यथा- मिठाई, खोया, पनीर, दूध, खाद्य तेल व नमकीन के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम एवं खाद्य पदार्थो की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित कराये जाने हेतु उपजिलाधिकारी लालगंज के नेतृत्व में जनपद में गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा लालगंज से 01 बर्फी, 01 छेना की मिठाई, 01 राज भोग, 01 बेसन की मिठाई व 01 खोया संग्रहित करते हुए कुल 75 किग्रा0 दूषित मिठाई जिसका अनुमानित मूल्य रू0 15,000/- को नष्ट कराया गया। दूसरी टीम द्वारा सदर तहसील क्षेत्र से 01 बेसन व 01 पापड़ का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला प्रेषित किया गया।
त्यौहार के दृष्टिगत अब तक जनपद में 38 नमूनें संग्रहित किये जा चुके हैं तथा खोया 25 किग्रा0 जिसकी अनुमानित लागत रू0 7,500/- व बूंदी का लड्डू 95 किग्रा0 जिसकी अनुमानित लागत रू0 19,500/- तथा मिठाई 95 किग्रा0 जिसकी अनुमानित लागत रू0 20,000/- को दूषित अवस्था में पाये जाने पर मौके पर नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आज़मगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि उक्त छापेमार की कार्यवाही आगामी त्यौहारों तक अनवरत जारी रहेगी। उन्होनें साथ ही खाद्य कारोबारकर्ताओं को चेतावनी दी कि प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता सुनिश्चित करें, अन्यथा की स्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 व विनियम 2011 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी।