*TV 20 NEWS || AZAMGARH :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की 1500 करोड़ रुपये धनराशि की वितरित*

 

एमएलसी,जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक डेमोचेक एवं गैस सिलेंडर प्रदान कर किया सम्मानित

आजमगढ़ के कुल 2,63,089 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 26 करोड़ 91 लाख 40 हजार 47 रुपये की धनराशि हुई अंतरित

आजमगढ़, 03 नवम्बर 2026।

मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1 करोड़ 89 लाख से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की गई। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 1500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री जी के इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश मिश्र एवं अपर जिलाधिकारी (वि/रा) राजीव कुमार शुक्ला सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी तथा आमजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1 करोड़ 89 लाख से अधिक पात्र परिवारों को दीपावली के उपहार स्वरूप रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। सभी लाभार्थियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह दीपावली खुशियों वाली है। डबल इंजन की सरकार द्वारा दीपावली से पूर्व पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी उपलब्ध कराकर त्योहार की खुशियों को और बढ़ाया गया है।

कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी रामेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद आजमगढ़ में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 3,02,554 लाभार्थी हैं, जिनमें से 2,63,089 लाभार्थियों द्वारा ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एक गैस सिलेंडर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य 1,023 रुपये है। इसमें केंद्र सरकार द्वारा 367.17 रुपये तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 655.83 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी दी गई है। इस प्रकार पात्र लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल के लिए कुल 1,023 रुपये की सब्सिडी की धनराशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद आजमगढ़ में ई-केवाईसी पूर्ण कराने वाले कुल 2,63,089 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 26 करोड़ 91 लाख 40 हजार 47 रुपये की धनराशि अंतरित की गई है। दीपावली के अवसर पर पात्र परिवारों को यह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने से उनके त्योहार की खुशियों में वृद्धि होगी तथा रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश मिश्र द्वारा 50 से अधिक उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी का प्रतीकात्मक डेमो चेक एवं गैस सिलेंडर प्रदान किया गया। जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जनपद के समस्त आपूर्ति निरीक्षक, अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, उज्ज्वला योजना के लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।