*TV 20 NEWS || AZAMGARH:खेल के मैदान से जनगणना का संदेश, खिलाड़ियों एवं पीआरडी जवानों ने जगाई जागरूकता; अनुशासन के साथ जनगणना में सहभागिता की अपील*

 

आजमगढ़ 18 नवम्बर 2026

जनगणना–2027 के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आजमगढ़ में खेल के मैदान पर खिलाड़ियों एवं पीआरडी जवानों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक परिवारों को इसमें सहभागी बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी राजीव कुमार शुक्ल ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। खेल के मैदान की तरह जनगणना में भी अनुशासन, समर्पण और सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी से जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जनपद के मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों एवं पीआरडी जवानों को जनगणना–2027 की महत्ता, स्व-गणना की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सारिणी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

*जनगणना–2027 की महत्वपूर्ण समय-सारिणी*

– *स्व-गणना (Self Enumeration):* 16 से 30 नवंबर 2026 तक। निवासी https://se.census.gov.in पर मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
– *मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना:* 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक। इस अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी दर्ज करेंगे।
– *पुनरीक्षण दौर (Revisional Round):* 5 से 9 जनवरी 2027 तक।

कार्यक्रम में जनपद के मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह एवं अरविंद कुमार यादव, फील्ड ट्रेनर पंकज कुमार सिंह एवं पंकज कुमार यादव तथा जिला जनगणना सेल के अभिषेक उपाध्याय उपस्थित रहे।

जिला जनगणना कार्यालय द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि वे 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना अवश्य करें तथा इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अन्य परिवारों को भी प्रेरित करें।

*अनुशासन से जनगणना, जनगणना से जनकल्याण!*

हमारी जनगणना, हमारा विकास!