*TV 20 NEWS || AZAMGARH :यूथ पार्लियामेंट 2027 में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार*

 

अवंतिका कुमारी, अंशिता सिंह एवं अभ्युदय नारायण ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हासिल किए प्रथम तीन स्थान

आजमगढ़, 23 नवंबर 2026//

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने एवं उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, आजमगढ़ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा जिला युवा अधिकारी डॉ. भावना के निर्देशन में शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ के अंतर्गत ‘यूथ पार्लियामेंट-2027’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के डॉ. संजीव कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा उन्हें विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक संवाद एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया।

यूथ पार्लियामेंट में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं तार्किक क्षमता के साथ युवा नेतृत्व, सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने संसदीय परंपराओं एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अवंतिका, अंशिता एवं अभ्युदय रहे विजेता

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की तार्किक क्षमता, विषय की समझ, अभिव्यक्ति कौशल एवं संवाद शैली के आधार पर अवंतिका कुमारी ने प्रथम, अंशिता सिंह ने द्वितीय तथा अभ्युदय नारायण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में पंकज सिंह (असिस्टेंट प्रोफेसर), अवधेश यादव (डीओसी, स्काउट), त्रिशिका श्रीवास्तव (असिस्टेंट प्रोफेसर), डॉ. आसिम खान एवं डॉ. जफर आलम शामिल रहे। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन, विचारों एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. संजीव कुमार ने विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, विचारशीलता और सक्रिय सहभागिता ही सशक्त एवं विकसित भारत की वास्तविक नींव है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, जागरूकता एवं जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।