*TV 20 NEWS || AZAMGARH :संविधान दिवस पर पूरे जनपद में संविधान की उद्देशिका का हुआ सामूहिक पाठन, डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्यों का हुआ शुभारम्भ*

 

मुख्यमंत्री के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में हुआ सजीव प्रसारण

संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता का आधार तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का मार्गदर्शक है- जिलाधिकारी

संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने किया उद्देशिका का सामूहिक पाठन

आजमगढ़, 26 नवम्बर 2026।

संविधान दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन कराया गया तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में चयनित स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास एवं शुभारम्भ किया गया। लखनऊ में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम एवं उनके संबोधन का जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सजीव प्रसारण भी कराया गया।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने कराया संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी भारतीयों के लिए अत्यंत गौरव, सम्मान एवं आत्ममंथन का दिन है। 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसी ऐतिहासिक महत्व को स्मरण करते हुए प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा, हमारी राष्ट्रीय एकता का आधार और देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्श हमारे लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल आधार हैं। संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं अवसर प्रदान करता है और समाज में समरसता, समानता तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हम सभी का दायित्व है कि संविधान का सम्मान करें, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखें तथा अपने दैनिक जीवन एवं कार्यव्यवहार में संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करें, जिससे शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, सहायक खाद्य आयुक्त सुशील कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी संविधान के मूल आदर्शों एवं मूल्यों पर बल दिया।

विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने कराया उद्देशिका का सामूहिक वाचन

विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। उन्होंने संविधान के विभिन्न आयामों, लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका तथा संविधान में निहित मूल अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संविधान के आदर्शों एवं संवैधानिक मूल्यों से अवगत कराते हुए कहा कि संविधान के प्रति सम्मान एवं उसके मूल सिद्धांतों का अनुपालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत आयोजित हुए कार्यक्रम

शासन के निर्देशों के क्रम में संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में चयनित मूर्ति विकास स्थलों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से चयनित स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास एवं शुभारम्भ किया गया। इसका उद्देश्य डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों का व्यवस्थित एवं आकर्षक विकास सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित कराया गया।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रमों में पूर्व राज्य मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, चन्द्रशेखर, जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, अखिलेश मिश्रा, तिजाराम, अरुण राजभर, विनोद मौर्य, संतोष राय, ब्लॉक प्रमुख अरविन्द सिंह, श्रीमती अलका मिश्रा एवं वरुण कांत यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम एवं संबोधन का सभी कार्यक्रम स्थलों पर सजीव प्रसारण कराया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री जी के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन किया तथा संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का दिया गया संदेश

संविधान दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा संविधान में निहित समानता, न्याय, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के मूल्यों से आमजन को परिचित कराना रहा। कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों, सामाजिक सद्भाव एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का भी मार्गदर्शक है।
जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने, डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामाजिक न्याय एवं समानता के विचारों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने तथा संवैधानिक मूल्यों को जनजीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।