*TV 20 NEWS || AZAMGARH :विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर चलेगा विशेष अभियान

*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर चलेगा विशेष अभियान*

*पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अधिक से अधिक प्रारूप-6 भरवाने की अपील*

आजमगढ़ 26 नवंबर 2026//

अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता दिनांक-01 जनवरी 2027 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु घोषित कार्यक्रम के अनुसार जनपद के समस्त विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष अभियान की तिथि-28 नवंबर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवंबर 2026 (रविवार) नियत है। उक्त नियत तिथि को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर संबंधित बी०एल०ओ० द्वारा प्रारूप-6, प्रारूप 7 एवं प्रारूप-8 पर दावे एवं आपत्तियाँ भी प्राप्त की जायेगी। साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण किया जायेगा। उक्त भ्रमण के दौरान यदि किसी भी मतदेय स्थल पर कोई बूथ लेवल अधिकारी अनुपस्थित पाया जाता है, तो सम्बन्धित बी०एल०ओ० के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।

जनपद आजमगढ़ के समस्त सम्मानित नागरिकों से अपील है कि विशेष अभियान की तिथि दिनांक 28 नवंबर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवंबर 2026 (रविवार) को अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराए जाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में प्रारूप-6 भरवाने में सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।