आजमगढ़ : महिलाओं को बनाया जायेगा स्वावलम्बी, महिलाओं और बच्चों के विकास से ही बेहतर राष्ट्र का निर्माण
आजमगढ़, 27 अप्रैल 2022
आजादी के अमृत महोत्सव और मिशन शक्ति-4 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग ने रानी की सराय ब्लाक में स्वावलंबन शिविर आयोजित कर महिलाओं को जागरूक किया गया। यह कहना है प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी/जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह का।
प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि मिशन शक्ति 4.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा, उद्यमिता के साथ-साथ उन्हें स्वावलंबी बनाना है। इसके अलावा महिलाओं के प्रति हिंसा करने वाले लोगों की पहचान उजागर करना, महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना तथा सुरक्षित महसूस कराना है। मिशन शक्ति अभियान महिला और बाल विकास समस्याओं का पूर्ण समाधान है।
जिला महिला कल्याण अधिकारी प्रीति उपाध्याय ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विकास से ही बेहतर राष्ट्र का निर्माण होता है। इस क्रम में मिशन शक्ति 4.0 के अंतर्गत विषेशरूप से महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर कैंप के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत समस्त विभागों का कैंप लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुये उन्हें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना ,उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना व 112, 1090 सहित समस्त हेल्पलाइन नंबर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला शक्ति केंद्र, योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण इकाई की रिंकी सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग से परविंदर, आशा, आंगनबाड़ी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित कुल 48 लोग उपस्थित थे।