पर्यटन मंत्री ने वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-23 के लिए पर्यटन विभाग को एक लाख पौध रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया
न्यूज ऑफ इंडिया (एजेन्सी)
लखनऊ: दिनांक: 21 जुलाई, 2023
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने वृहद वृक्षारोपण अभियान-2023 हेतु पर्यटन विभाग के लिए एक लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विभागीय अधिकारियांे/कर्मचारियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी कम से कम एक छायादार/फलदार पौधे का रोपण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपित किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें से 22 जुलाई, 2023 को 30 करोड़ तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 05 करोड़ पौधों का रोपण किया जायेगा।
जयवीर सिंह कल देर शाम पर्यटन भवन में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के सम्बंध में तैयारी बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ ही उसके देखभाल एवं संरक्षित रखने का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पीपल, कदम्ब, गुलमोहर, हरसिंगार, अशोक, गुड़हल, बोगन बेलिया तथा अमलताश के अलावा कार्यालयों, आवासीय परिसर, शैक्षिक संस्थानों में आम, महुआ, जामुन, सागौन, शीशम, अमरूद, मौलश्री, नीली गुलमोहर तथा झीलों एवं तालाबों के किनारे बरगद, सावनी, गूलर, लाल कनेर के पौधे रोपित करने के निर्देश दिये।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि वृक्ष हमारे धरती के श्रृंगार हैं, भारतीय परम्परा में वृक्षों में देवदर्शन किया जाता है। वृक्ष हमारी भारतीय परम्परा एवं संस्कृति से जुड़े हुए हैं, इसलिए आदिकाल से इनकी पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण एवं शहरीकरण तथा अत्यधिक मात्रा में कार्बन उत्सर्जन के कारण अतिवृष्टि, सूखा, भीषण गर्मी तथा दैवीय आपदाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। यह सब जलवायु परिवर्तन के संकेत हैं। इस गम्भीर समस्या के निवारण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगले वर्षों में वनाच्छादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से हम सब इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं और धरती का वनावरण बढ़ा सकते हैं।
पर्यटन मंत्री ने कल 22 जुलाई, 2023 को वृक्षारोपण महाअभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस अभियान से जुड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ ही वृक्षों की समुचित देखभाल करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। पर्यटन मंत्री कल 22 जुलाई, 2023 को वृक्षारोपण अभियान के तहत फिरोजाबाद एवं मैनपुरी में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम, विशेष सचिव पर्यटन ए0के0 पाण्डेय, निदेशक पर्यटन प्रखर मिश्र, सूचना सलाहकार जे0पी0 सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे।