*TV20 NEWS || AZAMGHARH : जमीन विवाद में महिला से मारपीट, एसपी से लगाई न्याय की गुहार*

आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के नियाउज गांव में एक महिला के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियों का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने महिला की जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसे व उसके पति को बुरी तरह पीटा। पीड़िता ने थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन जब वहां सुनवाई नहीं हुई, तो वह एसपी ऑफिस पहुंची और न्याय की मांग की।

पीड़िता बर्फी देवी, पत्नी इंद्रराज, ने एसपी को सौंपे गए पत्र में बताया कि उसकी जमीन से सटी अरशद पुत्र अमील की जमीन है। लेकिन अरशद उसकी जमीन से जबरन मिट्टी निकलवा रहा था। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। यही नहीं, जातिसूचक गालियां देकर अपमानित भी किया गया।
बर्फी देवी ने बताया कि 3 फरवरी 2025 को शाम 5 बजे अरशद ने जबरन उसकी जमीन से मिट्टी निकलवाने का काम शुरू कर दिया। जब उसने रोका, तो अरशद ने मारपीट शुरू कर दी। उसके पति इंद्रराज बीच-बचाव करने आए, तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। गांव के उर्मिला, शंकर और फुरतु ने इस पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा और बीच-बचाव किया।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वह शिकायत लेकर फूलपुर थाने पहुंची। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पहले मेडिकल कराने के लिए कहा। जब वह मेडिकल रिपोर्ट लेकर पहुंची, तब भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। न्याय न मिलने पर बर्फी देवी एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।