उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने हेतु संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत जनपद आज़मगढ़ में निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थानों में मिशन शक्ति केन्द्रों की स्थापना कर महिलाओं के लिए पूर्णतः महिला-केन्द्रित, सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
आज दिनांक 12 दिसंबर 2025 को श्रीमान पुलिस उपमहानिरीक्षक, आज़मगढ़ परिक्षेत्र आजमगढ़ श्री सुनील कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार की अध्यक्षता में मिशन शक्ति केन्द्रों के संचालन एवं प्रबंधन की समीक्षा बैठक पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में श्री चिराग जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा श्रीमती आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी सदर सहित मिशन शक्ति केन्द्र के प्रभारी एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मिशन शक्ति केन्द्र से संबंधित सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों का विस्तृत अवलोकन किया गया। साथ ही केंद्र पर सहायता प्राप्त करने वाली पीड़ित महिलाओं के मोबाइल नंबर पर संपर्क स्थापित कर प्रत्यक्ष फीडबैक लिया गया, जिससे प्रदत्त सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जा सके।
मिशन शक्ति केन्द्रों को निर्देशित किया गया कि वे अपराध व उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को आगमन से लेकर पूर्ण मानसिक एवं शारीरिक सशक्तिकरण तक समग्र सहायता प्रदान करें, जिसमें—
01. पुलिस सहायता
02. चिकित्सा सहायता
03. कानूनी सहयोग
04. मनोवैज्ञानिक परामर्श
05. पुनर्वास एवं आश्रय
06. मुआवजा/क्षतिपूर्ति दिलाने में सहयोग
तथा महिलाओं हेतु संचालित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं जनजागरूकता— शामिल है।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी मिशन शक्ति केन्द्र मासिक कार्य योजनाओं के अनुसार प्रभावी रूप से कार्य करें तथा पीड़िताओं को समयबद्ध, संवेदनशील व गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान की जाएँ।
मिशन शक्ति फेज 5.0 के माध्यम से जनपद आज़मगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन की दिशा में सराहनीय कदम निरंतर जारी हैं।






