TV 20 NEWS || AZAMGARH; आज 22 मई 2026 से जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना” कार्य का जनपद आजमगढ़ में विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर सुपरवाइजर अमरनाथ शर्मा एवं प्रगणक विजेंद्र यादव द्वारा जिलाधिकारी आवास पर पहुंचकर जिलाधिकारी से स्वगणना (Self Enumeration) के अंतर्गत भरे गए आंकड़ों की पुष्टि की गई तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मकान सूचीकरण का कार्य संपादित किया गया।

जनगणना मानकों के अनुरूप जिलाधिकारी आवास के मुख्य द्वार पर जनगणना मकान संख्या H-12 CN-0001 अंकित की गई। इस दौरान जनगणना टीम द्वारा मकान संबंधी आवश्यक विवरणों का संकलन भी किया गया।

जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य हेतु नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है तथा इसे पूर्ण शुद्धता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने जनगणना टीम के साथ समूह छायाचित्र (Group Photo) भी खिंचवाया तथा सभी का हौसला बढ़ाया।

उक्त अवसर पर संबंधित उपजिलाधिकारी/अधिशाषी अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जनगणना कार्य से जुड़े जनपद के 3 मास्टर ट्रेनर एवं जिला प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।