*TV 20 NEWS || LUCKNOW: मेधावी छात्र ही देश के भविष्य निर्माता: उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

• मेधावी छात्र ही देश के भविष्य निर्माता: उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
• डबल इंजन सरकार में 15 कार्य दिवसों में परीक्षाएं और 15 दिनों में परिणाम संभव
• कल्याण सिंह जी के ‘नकल मुक्त उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं श्री संदीप सिंह और श्रीमती गुलाब देवी।
• प्रदेश में शिक्षा का बुनियादी ढांचा हुआ मजबूत; 41 नए राजकीय इंटर कॉलेज और 215 नवीन निर्माण कार्य पूरे।
• माध्यमिक, बेसिक एवं संस्कृत शिक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी, मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित।
• मेधावियों के सम्मान में उनके गांवों तक बनेगा संपर्क मार्ग।

लखनऊ। दिनांक: 01 जून, 2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ‘मार्स हॉल’ में आयोजित भव्य “मेधावी छात्र सम्मान समारोह 2026” में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस गरिमामयी कार्यक्रम में माध्यमिक, बेसिक एवं संस्कृत शिक्षा बोर्ड के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए स्कूटी, मेडल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

रिकॉर्ड समय में परीक्षा और परिणाम: डबल इंजन सरकार की उपलब्धि
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग की पीठ थपथपाते हुए कहा कि आज हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को मात्र 15 कार्य दिवसों में सफलतापूर्वक संपन्न कराना और उतनी ही तीव्र गति से पारदर्शी परीक्षाफल घोषित करना विभाग की एक ऐतिहासिक और सराहनीय उपलब्धि है।

कल्याण सिंह जी के ‘नकल मुक्त’ विज़न को मिल रही है गति
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री जी ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को ‘नकल मुक्त परीक्षा’ का एक मज़बूत मॉडल दिया था। आज उनके सुपौत्र और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह उसी विरासत और शिक्षा विभाग के दायित्व को पूरी निष्ठा से संभाल रहे हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री श्रीमती गुलाब देवी जी और श्री संदीप सिंह की जोड़ी की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने मिलकर प्रदेश की माध्यमिक और बेसिक शिक्षा व्यवस्था को बहुत ही बेहतर और सुचारू तरीके से आगे बढ़ाया है।

शिक्षा के बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण
प्रदेश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि छात्रों को बेहतर माहौल देने के लिए बुनियादी ढांचे पर रिकॉर्ड काम हुआ है। प्रदेश में लगभग 41 नए राजकीय इंटर कॉलेजों की स्थापना की गई है, जबकि 215 नवीन निर्माण कार्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इससे ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।

मेधावियों के नाम से चमकेंगे हैं गांवों के रास्ते
छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उप मुख्यमंत्री जी ने अपने एक विशेष प्रयास का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा: मैंने व्यक्तिगत रूप से प्रयास कर यह व्यवस्था सुनिश्चित की थी कि हमारे प्रदेश के मेधावी छात्रों के नाम पर उनके गांवों के संपर्क मार्गों (सड़कों) का निर्माण कराया जाए। जब इन रास्तों से लोग गुजरेंगे, तो हमारे बच्चों की प्रतिभा और उनकी मेहनत पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव का प्रतीक बनेगी।

उज्ज्वल भविष्य की कामना
समारोह के समापन पर उप मुख्यमंत्री जी ने सभी पुरस्कृत बच्चों, उनके अभिभावकों और गुरुजनों को बधाई दी। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज के ये होनहार बच्चे ही कल के आत्मनिर्भर भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के सच्चे निर्माता बनेंगे।