*TV 20 NEWS || AZAMGARH :15 जून को चन्द्रमा ऋषि आश्रम से होगा योग सप्ताह का भव्य शुभारम्भ, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा*
15 जून को चन्द्रमा ऋषि आश्रम से होगा योग सप्ताह का भव्य शुभारम्भ
जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
आजमगढ़, 05 जून 2026।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि योग सप्ताह का भव्य शुभारम्भ 15 जून को चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों तथा सार्वजनिक स्थलों पर योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा प्रतिभागियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विगत दिनों आए तूफान से आश्रम परिसर में गिरे दो आम के पेड़ों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वन विभाग से अनुमति प्राप्त कर नियमानुसार उनका निस्तारण कराया जाए, जिससे परिसर की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनी रहे।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आश्रम परिसर में पर्यटन विकास के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का भी अवलोकन किया तथा उनकी गुणवत्ता एवं उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित बनाती है। जनमानस को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के क्रम में 15 से 21 जून तक पूरे जनपद में योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे योग सप्ताह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा नियमित योगाभ्यास को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






