*TV 20 NEWS || AZAMGARH:सरायभादी में पोखरे के कथित अवैध खनन के विरोध में राजभर बस्ती के लोगों का प्रदर्शन, प्रधान-प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप, कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी*
आजमगढ़। मेंहनगर तहसील क्षेत्र के सरायभादी गांव की राजभर बस्ती के लोगों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रधान, प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। जिला प्रशासन से पोखरे के अवैध खनन और पुलिस का दमन रोकन की मांग की। पूर्वांचल किसान यूनियन के बैनर तले पहुंचे लोगों ने ज्ञापन देकर बताया कि सरायभादी गांव की राजभर बस्ती के लोगों का मुख्य रास्ता पोखरे के बंधे से होकर गुजरता है। बस्ती के लोगों ने बंधे पर पेड़-पौधे भी लगाए हैं। यह पोखरा दशकों से सार्वजनिक उपयोग में है। ग्राम प्रधान, प्रधान पति व पंचायत सहायक ने गांव वालों को बिना जानकारी दिए, चुपके-चुपके पोखरे का व्यावसायिक पट्टा करा दिया। जानकारी मिलने पर राजभर बस्ती के लोगों ने विरोध शुरू किया और जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी मेंहनगर व खंड विकास अधिकारी मेंहनगर को ज्ञापन देकर पोखरे का स्वरूप न बदलने की मांग की। आरोप है कि 10 जून को दोपहर 2 बजे नायब तहसीलदार मेंहनगर, थाना अध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नियम विरुद्ध तरीके से जेसीबी लगाकर पोखरे का अवैध खनन शुरू करवा दिया। जब राजभर बस्ती के लोगों ने खनन का विरोध किया और जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं, तो थाना पुलिस ने बलपूर्वक विरोध कर रही महिलाओं के साथ मारपीट की, उन्हें खदेड़ दिया और जबरदस्ती खनन जारी रखवाया।
ग्रामीणों ने पोखरे का अवैध खनन तत्काल रोकने, व्यावसायिक पट्टा निरस्त करने, महिलाओं पर लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों व अवैध पट्टा कराने वाले प्रधान, प्रधान पति, पंचायत सहायक पर कठोर कार्रवाई करने, पोखरे व बस्ती के रास्ते को पूर्ववत सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि अवैध खनन नहीं रुका और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान यूनियन के बैनर तले गांव में जन पंचायत बुलाएगी। पंचायत में प्रस्ताव पारित कर राज्यपाल व राष्ट्रपति को जांच व कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा। जरूरत पड़ी तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव, हीरालाल, राजेंद्र यादव, विनोद यादव, अवधेश यादव आदि मौजूद थे।






