*TV 20 NEWS || AZAMGARH:आजमगढ़ में विकास प्रदर्शनी के तीसरे दिन जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ, ‘सेल्फी विथ पीएम’ आकर्षण का केंद्र*

 

आजमगढ़, 19 जून। केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी के तीसरे दिन गुरुवार को हरिऔध कला केंद्र प्रांगण में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर स्थापित विशेष ‘सेल्फी विथ पीएम’ प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां अतिथियों ने प्रधानमंत्री के साथ प्रतीकात्मक सेल्फी लेकर कार्यक्रम की यादगार तस्वीरें साझा कीं।

इस अवसर पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं पर आधारित 12 विषयक पुस्तकों एवं फोल्डरों का विमोचन भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है और विकास की नई धारा देश के गांवों से लेकर शहरों तक दिखाई दे रही है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, नृत्य और नाट्य कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और मनोरंजक तरीके से उपलब्ध कराई गई।

प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आगंतुकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।