*TV 20 NEWS || AZAMGARH:ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में सौंपा ज्ञापन*
ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में सौंपा ज्ञापन
निजामाबाद तहसील समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को सुबह ग्यारह बजे ग्राम पंचायत गौसपुर के दर्जनों ग्रामीणों ने ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध निर्माण की शिकायत करते हुए उपजिलाधिकारी निजामाबाद को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
गौसपुर निवासी रिजवान अहमद पुत्र इसरार अहमद के नेतृत्व में दर्जनों पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम समाज की गाटा संख्या 461 स्थित सौरहन की जमीन पर गांव के शब्बीर अहमद पुत्र जलील अहमद द्वारा लेखपाल की मिलीभगत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि का उपयोग सैकड़ों वर्षों से गांव के लोग सार्वजनिक रूप से कूड़ा-कचरा डालने के लिए करते आ रहे हैं, लेकिन वर्तमान में उस सरकारी जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध निर्माण पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान रिजवान अहमद, मिनहाज, वामिक, एकलाख अहमद, मोहम्मद फारूक, वसीम अहमद, जमुना प्रसाद, महाजन, पीयूष, आकाश मौर्य, सतेन्द्र कुमार समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे।






