*TV 20 NEWS || AZAMGARH : मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु समीक्षा बैठक सम्पन्न, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश*

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु समीक्षा बैठक सम्पन्न, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

विकास प्राधिकरण द्वारा जारी नक्शा के मुताबिक ही दुकान, भवन बनवाएं -सीडीओ

आजमगढ़, 30 जून 2026/
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु, स्वःरोजगार बन्धु, एकल मेज व्यवस्था, औद्योगिक एवं व्यापारिक सुरक्षा फोरम तथा रोजगार सेक्टर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद को 2900 नए लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि बैंक स्तर पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी बैंक शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्य विकास अधिकारी ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों से आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा स्वीकृत लाभार्थियों को शीघ्र ऋण वितरण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे जनपद में रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके।

बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि किसानों एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का बैंकवार लक्ष्य निर्धारित कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिना ठोस एवं उचित कारण के किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में पूर्ण सहयोग दिया जाए।

रोजगार मेला की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नियमित रोजगार मेलों का आयोजन किया जाए तथा निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता सुनिश्चित कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्लेसमेंट की गुणवत्ता एवं संख्या दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में जीबीसी (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी) 5.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन में तेजी लाने, उद्यमियों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कर लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में औद्योगिक निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों, भवनो में अग्नि सुरक्षा उपकरणों व मानकों के पालन करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि वेंटीलेशन के लिए जगह छोड़े, इमरजेंसी निकासी व बालकनी होनी चाहिए ।उन्होंने व्यापारियों से अपील किया कि विकास प्राधिकरण द्वारा जारी भवन नक्शा के मुताबिक ही दुकान, भवन बनवाएं। थोड़े से जगह की लालच में जान ,माल को खतरे में ना डालें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों, उद्यमियों को अग्नि से बचाव हेतु जल्द ही कार्यशाला आयोजित कर जागरूक किया जाएगा।

 

बैठक के दौरान उपस्थित उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं व्यापार के अनुकूल वातावरण के निर्माण हेतु प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा उद्यमियों की प्रत्येक व्यावहारिक समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, एसीएमओ, अभिहीत अधिकारी (खाद्य सुरक्षा), विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।