*TV 20 NEWS || AZAMGARH:जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) कार्य हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न*

*जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) कार्य हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न*

आजमगढ़ 17 जुलाई, 2026/

जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य है। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समस्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का समुचित अध्ययन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य को शुद्धता, गुणवत्ता एवं गंभीरता के साथ संपादित करें।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी कार्य के सफल क्रियान्वयन की आधारशिला होता है। प्रशिक्षण के माध्यम से नवीन प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त होती है, इसलिए सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।

प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के विभिन्न अध्यायों के संकलन, आंकड़ों के स्रोत, डेटा संकलन की प्रक्रिया, अभिलेखों के सत्यापन तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में समस्त उप जिला जनगणना अधिकारी, समस्त तहसीलों के तहसीलदार, समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), सभी तहसीलों एवं नगर निकायों के जनगणना बाबू, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (NIC), अपर जिला जनगणना अधिकारी तथा जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।