*TV 20 NEWS || AZAMGARH:बीएसएनएल कर्मचारियों का 3-दिवसीय धरना शुरू, लंबित वेतन संशोधन और वेतन समझौते की मंजूरी को लेकर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा*
3-दिवसीय धरना शुरू, वेतन संशोधन लागू करने की उठी मांग
आजमगढ़। बीएसएनएल कोऑर्डिनेशन कमेटी के आह्वान पर बुधवार से बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन द्वारा तीन दिवसीय धरना कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। धरने की अध्यक्षता पंचानंद राय ने की। कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन को तत्काल लागू करने तथा वेतन समझौते की फाइल पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन के सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा कि वेतन संशोधन की फाइल 12 फरवरी 2026 से दूरसंचार विभाग में लंबित है। सरकार द्वारा अफोर्डेबिलिटी क्लॉज में आवश्यक संशोधन न किए जाने के कारण कर्मचारियों को उनका न्यायोचित अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि चौथे वेतन संशोधन आयोग के गठन की प्रक्रिया के बीच इस मुद्दे का शीघ्र समाधान होना अत्यंत आवश्यक है।
प्रांतीय संगठन मंत्री सुनील कुमार उपाध्याय ने कहा कि बीएसएनएल कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन की एकता बनाए रखते हुए आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने एक स्वर में वेतन संशोधन को शीघ्र लागू करने, लंबित वेतन समझौते को मंजूरी देने तथा कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बंद करने की मांग उठाई। यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन के अगले चरण को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
धरना कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुनील कुमार सिंह, महेश कुमार, स्मृति देवी, किस्मती देवी, परमेश्वर शाह, संदीप कुमार, अनिल यादव, जयप्रकाश पांडेय, राम फिर राम, गुरुचंद, अरविंद उपाध्याय, प्रशांत कुमार यादव, कमलेश कुमार यादव, अभिनव कुमार द्विवेदी, अरविंद कुमार उपाध्याय, संतोष श्रीवास्तव, विजय कुमार, बालमुकुंद यादव, रवि भास्कर मौर्य, अवधेश तिवारी, विद्या देवी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।






