*TV 20 NEWS || AZAMGARH : मुख्यमंत्री द्वारा “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा ( उच्च शिक्षा) योजना” शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद में हुआ सजीव प्रसारण*

मुख्यमंत्री द्वारा “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा ( उच्च शिक्षा) योजना” शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद में हुआ सजीव प्रसारण

शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध ‘नया उत्तर प्रदेश’ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना रहा है- मुख्यमंत्री

जनपद आजमगढ़ के कुल 230 डिग्री कॉलेजों के लगभग 04 हजार शिक्षक होंगे योजना से लाभान्वित

21 शिक्षकों को प्रदान किया गया मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा उच्च शिक्षा का डेमो कार्ड

आजमगढ़ 26 जुलाई 2026/
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” का शुभारंभ किया गया। जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में मा. एमएलसी विजय बहादुर पाठक के प्रतिनिधि रिंकू पाठक, राम सूरत राजभर के प्रतिनिधि रामसागर राजभर, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमृतलाल, नोडल अधिकारी/उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर महेंद्र प्रकाश सहित उपस्थित शिक्षकों ने देखा व सुना।

इस अवसर पर मा मुख्यमंत्री जी द्वारा शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा का सुदृढ़ कवच उपलब्ध कराने हेतु उच्च शिक्षा विभाग एवं पंजाब नेशनल बैंक के मध्य एक एम ओ यू पर हस्ताक्षर भी किए गए। शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध ‘नया उत्तर प्रदेश’ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना रहा है। मा मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुर्भाग्यवश यदि किसी शिक्षक के साथ कोई दुर्घटना होती है, तो पंजाब नेशनल बैंक द्वारा उनके परिवार को ₹1.5 करोड़ तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। विमान दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में ₹3 करोड़ तक का बीमा लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में उपचार हेतु ₹60,000 तक की कैश सुविधा तथा ₹12 लाख तक का टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मा मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा से पूर्व आज उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का उपहार प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को प्रदान करते हुए मुझे अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है। इस सुविधा के माध्यम से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों- चाहे वे राजकीय हों, शासकीय सहायता प्राप्त अशासकीय हों अथवा स्ववित्तपोषित प्रबंधन के अंतर्गत संचालित- सभी को इससे आच्छादित किया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इस योजना से जोड़ा जा रहा है। मैं प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षकों तथा उनके परिजन को हृदय से बधाई देता हूं।

भारतीय ऋषि परंपरा कहती है-
अमन्त्रमक्षरं नास्ति नास्ति मूलमनौषधम् ।
अयोग्यः पुरुषो नास्ति योजकस्तत्र दुर्लभः ॥
वह योजक कोई और नहीं, बल्कि शिक्षक हैं। एक छात्र को किस दिशा में आगे बढ़ना है और उसके जीवन में अनुशासन का क्या महत्व है- जब हम इन विषयों पर उससे सतत संवाद करेंगे, उसे सही मार्गदर्शन देंगे, तभी वास्तविक परिवर्तन आएगा और सार्थक परिणाम प्राप्त होंगे।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ के कुल 230 डिग्री कॉलेज जिनमें 218 स्ववित्त पोषित,10 अशासकीय व 02 शासकीय महाविद्यालय हैं जिनके अंतर्गत लगभग 04 हजार शिक्षक लाभान्वित होंगे ।डीएम ने जनपद के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों
से अपील किया कि सभी संस्थान अविलब इस योजना में पंजीकरण करवा लें, जिससे शिक्षकों व उनके परिवार को 5 लाख रुपये तक की मुफ़्त उपचार हो सके।

मा.एमएलसी विजय बहादुर पाठक के प्रतिनिधि रिंकू पाठक, मा.राम सूरत राजभर के प्रतिनिधि रामसागर राजभर, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमृतलाल, नोडल अधिकारी/उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर महेंद्र प्रकाश
द्वारा जनपद के 21 शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा का डेमो कार्ड- प्रो० अभिमन्यु यादव,प्रो० देवेन्द्र प्रताप सिंह, रितेश वर्मा,डॉ० राजन पाण्डेय,डॉ० सुरेन्द्र पाण्डेय,डॉ० शैलेन्द्र प्रताप रघुवंशी,पंकज कुमार सिंह,डॉ० अखिलेश कुमार पटेल,डॉ० बबिता शुक्ला,डॉ० कमिन्दर,डॉ० दीपक,सत्येन्द्र प्रजापति,पंकज कुमार,डॉ० अशोक कुमार सिंह,डॉ० यशपाल सिंह,डॉ० राणा प्रताप सिंह,डॉ० राधेश्याम मधुकर,डॉ० अजीत सिंह,डॉ० संगम, विकेश कुमार गुप्ता,डॉ० संतोष कुमार उपाध्याय को प्रदान किया।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, प्रिंसिपल, प्रोफेसरगण उपस्थित रहे।