*TV 20 NEWS || AZAMGARH:यूपी-112 के पीआरवी कर्मियों ने सड़क हादसे में फंसे चालक व परिचालक की बचाई जान, साहसिक रेस्क्यू से पेश की मानवता की मिसाल*

**प्रेस-विज्ञप्ति**
**दिनांक- 06.08.2026**
**जनपद आजमगढ़**

**➡️ यूपी-112 के पीआरवी कर्मियों ने सड़क हादसे में फंसे चालक व परिचालक की बचाई जान, साहसिक रेस्क्यू से पेश की मानवता की मिसाल**

**➡️ उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक यूपी-112 की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित**

थाना फूलपुर क्षेत्र के भेड़िया बाजार से यूपी-112 की **पीआरवी-6209** को सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पीआरवी पर नियुक्त **मुख्य आरक्षी संदीप कुमार सिंह, आरक्षी सज्जन सिंह एवं होमगार्ड चालक सहादुर यादव** तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ज्ञात हुआ कि ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बालू के ढेर पर चढ़ गया, जिससे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक एवं परिचालक केबिन के अंदर सीट और स्टेयरिंग के बीच गंभीर रूप से फंस गए थे।

पीआरवी कर्मियों ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक की खिड़की का शीशा तोड़कर तथा दरवाजे को ग्राइंडर से कटवाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फूलपुर भिजवाया। पीआरवी कर्मियों की त्वरित कार्रवाई एवं सूझबूझ से दोनों घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सका।

उक्त सराहनीय एवं मानवतापूर्ण कार्य के लिए दिनांक **04.08.2026** को **अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी यूपी-112, आजमगढ़** द्वारा **पुलिस महानिदेशक यूपी-112, लखनऊ** की ओर से प्रेषित **प्रशस्ति पत्र** प्रदान कर पीआरवी कर्मियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान यूपी-112 की त्वरित एवं जनसेवाभावी कार्यप्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण है।