*TV 20 NEWS || AZAMGARH :मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में रु0 35 प्रति कुंतल की बढ़ोतरी एवं ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद के सभी विधान सभाओं में हुआ सजीव प्रसारण*
मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में रु0 35 प्रति कुंतल की बढ़ोतरी एवं ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद के सभी विधान सभाओं में हुआ सजीव प्रसारण
पूरी हुई राशन कोटेदारों की आस
नई प्रणाली, लाभांश वृद्धि से उल्लास
आजमगढ़ के 2,141 कोटेदारों को मिलेगा प्रतिमाह रु0 64.31 लाख अतिरिक्त लाभांश
आजमगढ़, 17 अगस्त 2026/
मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा उत्तर प्रदेश के 78 हजार प्लस उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए कमीशन को रू0 90 से बढ़ाकर रू0 125 प्रति क्विंटल करने एवं सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद आजमगढ़ में हरिऔध कला केंद्र सहित जनपद के सभी 10 विधान सभाओं में संबंधित ब्लाक सभागार में किया गया।
पारदर्शिता और सुगमता को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस वृद्धि से प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने में सहायता मिलेगी। नई व्यवस्था से उचित दर विक्रेताओं के पारिश्रमिक में पारदर्शिता, प्रक्रिया में सुगमता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में प्रभावशीलता को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से प्रदेश में 15 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि निराश्रित एवं दिव्यांगजन, जो राशन की दुकान तक नहीं आ सकते, उनके घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उचित मूल्य की दुकानों को ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस वर्ष इसके लिए रू0 500 करोड़ की व्यवस्था की गई है। अन्नपूर्णा भवन में दुकान के साथ-साथ वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं की मार्जिन मनी में रू0 10 की वृद्धि की गई है तथा राज्य सरकार द्वारा इसमें रू0 25 की वृद्धि की गई है। इस प्रकार कुल रू0 35 प्रति कुंतल की वृद्धि की गई है।
हरिऔध कला केन्द्र में हुआ जनपदीय कार्यक्रम
जनपद आजमगढ़ में मुख्य कार्यक्रम हरिऔध कला केन्द्र में विधानसभा आजमगढ़ एवं मुबारकपुर के उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष धु्रव सिंह, अखिलेश कुमार मिश्र उर्फ गुड्डू, अरविन्द जायसवाल तथा ब्लॉक प्रमुख जहानागंज रमेश कन्नौजिया उपस्थित रहे।
जनपद आजमगढ़ में वर्तमान में 2,141 उचित दर विक्रेता हैं। जनपद में कुल 1,83,750 कुंतल खाद्यान्न का आवंटन होता है। पूर्व में रू0 90 प्रति कुंतल की दर से उचित दर विक्रेताओं को कुल रू0 1,65,37,500 (एक करोड़ पैंसठ लाख सैंतीस हजार पांच सौ रुपये) लाभांश का भुगतान किया जाता था। अब लाभांश की दर बढ़ाकर रू0 125 प्रति कुंतल किए जाने के बाद इसी आवंटन पर उचित दर विक्रेताओं को कुल रू0 2,29,68,750 (दो करोड़ उनतीस लाख अड़सठ हजार सात सौ पचास रुपये) का लाभांश प्राप्त होगा।
इस प्रकार जनपद आजमगढ़ के उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में कुल रू0 64,31,250 (चौंसठ लाख इकतीस हजार दो सौ पचास रुपये) की वृद्धि होगी। लाभांश में हुई इस बढ़ोतरी पर जनपद के उचित दर विक्रेताओं ने मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की।
जिलाध्यक्ष धु्रव सिंह ने कहा कि नई व्यवस्था से उचित दर विक्रेताओं के मानदेय में पारदर्शिता, प्रक्रिया मंे सुगमता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में प्रभावशीलता को और मजबूती मिलेगी।
उक्त कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी रामेन्द्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, एआरओ, सप्लाई इंस्पेक्टर आदि उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्रों के उचित दर विक्रेताओं ने मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा तथा लाभांश में की गई वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसी प्रकार जनपद की शेष 08 विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित ब्लॉक सभागारों में मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों एवं उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेताओं ने राज्य सरकार द्वारा किए गए लाभांश में वृद्धि के निर्णय को उनके हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।






