आजमगढ़ में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर 20 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
आजमगढ़। प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के आह्वान पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर 20 अगस्त 2026 को जनपद आजमगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा दोपहर 2:30 बजे गांधी तिराहा के निकट विकास भवन से शुरू होकर भीमराव अंबेडकर पार्क, कलेक्ट्रेट तक पहुंचेगी।
यात्रा के माध्यम से ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपनी एक सूत्रीय मांग पुरानी पेंशन योजना बहाल करने को लेकर जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपेंगे। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है और इसे बहाल किया जाना कर्मचारियों के हित में आवश्यक है।
तिरंगा यात्रा में प्रदेश पर्यवेक्षक क्रांति सिंह शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सीपी यादव की अध्यक्षता में किया जाएगा। जिला महामंत्री ओंकारनाथ, संगठन मंत्री अखिलेश कुमार यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, संरक्षक बसंत कुमार बौद्ध, जिला पर्यवेक्षक जीत रहा तथा जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौहान समेत जनपद के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि उनके भविष्य और बुढ़ापे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए OPS यानी पुरानी पेंशन योजना को पुनः बहाल किया जाए।






