*TV 20 NEWS || AZAMGARH :यूपीएसएसएससी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा का डीएम एवं एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण*

यूपीएसएसएससी स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा का डीएम एवं एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण

परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर

सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी,प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं स्ट्रांग रूम की व्यवस्था का लिया जायजा

शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

आजमगढ़, 23 अगस्त 2026

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा को जनपद आजमगढ़ में नकलविहीन, पारदर्शी एवं पूर्ण शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा की व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने के क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने आज विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर तथा डीएवी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के संबंध में शासन एवं आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता एवं शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। परीक्षा केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं गंभीरता के साथ निर्वहन करें।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। स्ट्रांग रूम एवं परीक्षा सामग्री की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा परीक्षा समाप्त होने तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें तथा परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न होने दें। उन्होंने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि
15 परीक्षा केंद्रों पर 6,888 अभ्यर्थी थे पंजीकृत।
जनपद आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी की स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा का आयोजन आज 23 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 से 12बजे तक एक पाली में कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर कराया गया। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 6,888 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,732 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,156 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।